महाराष्ट्र के ठाणे जिले में बुधवार को तेज हवाओं के कारण केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के कार्यक्रम में पंडाल का एक हिस्सा गिर गया। शाहपुर में हुए हादसे में कुछ महिलाओं को मामूली चोटें आई हैं। अधिकारी ने कहा कि महिला दिवस के अवसर पर कार्यक्रम में शामिल होने वाले मंत्री बाहर जा रहे थे, तभी तेज हवाओं के कारण पंडाल का एक हिस्सा गिर गया। अधिकारी ने कहा कि एक महिला को आंखों में चोटें आईं हैं और उसे ठाणे के सिविल अस्पताल ले जाया गया, अन्य का इलाज स्थानीय स्तर पर किया गया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर स्थापित लगभग 30 अस्थायी स्टालों को सुरक्षा कारणों से बंद कर दिया गया था। केंद्रीय ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह ने बुधवार को कहा कि सरकार ने महिला स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) के सदस्यों को लखपति बनाने का संकल्प लिया है। वह ठाणे जिले के शाहपुर में महिलाओं की एक दिवसीय कार्यशाला और एक प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के बाद बोल रहे थे। समारोह में 25,000 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि भारत में 86,000 स्वयं सहायता समूह हैं जिनमें नौ करोड़ महिलाएं शामिल हैं। पिछले आठ वर्षों में, सरकार ने इन महिलाओं को 6.26 लाख करोड़ रुपये वितरित किए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि महिला स्वयं सहायता समूहों के प्रत्येक सदस्य को लखपति बनाया जाए। हम उस दिशा में काम कर रहे हैं। देश में ‘लखपति दीदी’ कार्यक्रम लागू किया जा रहा है। आगे गिरिराज सिंह ने कहा कि ठाणे जिले में एसएचजी की महिला सदस्यों की आय बढ़ेगी और जिले की जीडीपी में सुधार होगा।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के कार्यक्रम में गिरा पंडाल, हादसे में महिलाओं लगी चोटें
114