28 छक्के जड़कर वैभव ने रचा इतिहास, पर संजय मांजरेकर ने क्यों कहा- फैंस यही नहीं चाहते?

भारतीय क्रिकेट में 14 साल के वैभव सूर्यवंशी का बल्ला इन दिनों लगातार सुर्खियां बटोर रहा है। मंगलवार को यूएई के खिलाफ 53 गेंदों में 204 रन की ऐतिहासिक पारी खेलकर उन्होंने क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया। हालांकि, उनकी इस विस्फोटक बल्लेबाजी ने एक नई बहस भी छेड़ दी है। पूर्व भारतीय बल्लेबाज संजय मांजरेकर ने वैभव की प्रतिभा की तारीफ तो की, लेकिन साथ ही सीमित ओवरों के क्रिकेट में बल्लेबाजों के बढ़ते दबदबे पर सवाल भी उठा दिए। उनकी टिप्पणी के बाद क्रिकेट में बल्ले और गेंद के बीच संतुलन को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। संजय मांजरेकर ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वैभव की पारी को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने माना कि युवा बल्लेबाज में कुछ खास बात है, लेकिन उनके मुताबिक इस तरह की पारियां सफेद गेंद के क्रिकेट में बल्लेबाजों के पक्ष में बढ़ते असंतुलन की याद दिलाती हैं। मांजरेकर ने लिखा, ‘इसमें कोई शक नहीं कि वैभव में कुछ खास है। लेकिन उन्होंने जो किया, वह इस बात की एक और याद दिलाता है कि सफेद गेंद का क्रिकेट किस हास्यास्पद स्तर पर पहुंच गया है। यह सोचना गलत है कि प्रशंसक यही देखना चाहते हैं। यह बल्ले और गेंद दोनों का खेल है, सिर्फ बल्ले का नहीं।’ उनकी इस टिप्पणी ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या आधुनिक सीमित ओवरों के क्रिकेट में बल्लेबाजों को जरूरत से ज्यादा फायदा मिल रहा है और गेंदबाजों के लिए मुकाबला लगातार मुश्किल होता जा रहा है? फैंस ने भी सोशल मीडिया पर मांजरेकर को जवाब देते हुए कुछ दिलचस्प पोस्ट किए हैं।
53 गेंदों में दोहरा शतक, वैभव ने तोड़े कई रिकॉर्ड
वैभव ने मंगलवार को दोहा में एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में यूएई के खिलाफ इंडिया ए की ओर से खेलते हुए सिर्फ 53 गेंदों में नाबाद 204 रन बनाए थे। उनकी पारी में सात चौके और 28 छक्के शामिल रहे। इस दौरान उन्होंने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए। वैभव की इस पारी ने एक बार फिर साबित किया कि वह बेहद कम उम्र में भी बड़े स्तर पर मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं।

वैभव ने बुधवार को बीसीसीआई की वेबसाइट पर पोस्ट किए गए वीडियो में बताया कि यूएई के खिलाफ मुकाबले से एक दिन पहले उन्होंने पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह से करीब आधे घंटे तक बातचीत की थी। इस बातचीत से उन्हें अपनी बल्लेबाजी की एक तकनीकी कमी पहचानने में मदद मिली। वैभव ने युवराज को अपना आदर्श बताते हुए कहा कि उन्होंने बल्लेबाजी से जुड़े कुछ तकनीकी सुझाव दिए और क्रीज पर ज्यादा समय बिताने की सलाह भी दी। अब इंडिया ए की टीम गुरुवार को टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में श्रीलंका ए से भिड़ेगी। इस मुकाबले में भी सभी की नजरें वैभव पर रहेंगी।



