‘जब भी मुंबई आएंगे, जवाब देना होगा; आज या कल तो आना ही पड़ेगा’, कुणाल कामरा को शिवसेना की चेतावनी

शिवसेना विधायक मुरजी पटेल ने कॉमेडियन कुणाल कामरा को चेतावनी दी है कि जब भी वह मुंबई आएंगे, पार्टी उनसे जवाब मांगेगी। उन्हें ‘आज या कल’ पुलिस के पास आना ही पड़ेगा। बता दें कि कुणाल कामरा महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर ‘देशद्रोही’ टिप्पणी करने के मामले में केस का सामना कर रहे हैं। शिवसेना विधायक पटेल की शिकायत पर मुंबई पुलिस ने स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा के खिलाफ केस दर्ज किया है। पटेल ने मंगलवार को इस संबंध में पत्रकारों से बात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि कामरा राज्य में आने से बच रहे हैं। पुलिस ने उन्हें तीन बार समन भेजा है। इसके बावजूद भी वह पूछताछ के लिए मुंबई पुलिस के सामने पेश नहीं हुए हैं। विधायक ने कहा कि कामरा को ‘आज या कल’ पुलिस के पास आना होगा। शिवसेना विधायक पटेल ने आगे कहा कि पुलिस के समन भेजने के बाद भी वह मुंबई नहीं आ रहे हैं। वे राज्य से बाहर भाग रहे हैं। विधायक ने कहा कि मुझे पता है कि कामरा को मद्रास हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत मिल गई है। उन्होंने हमें एक प्रति भेजी है। ऐसे कई नोटिस आते-जाते रहते हैं, लेकिन जब भी कामरा मुंबई आएंगे। हम निश्चित रूप से उनसे जवाब मांगेंगे। बता दें कि कॉमेडियन कुणाल कामरा अपने सत्ता-विरोधी विचारों के लिए मशहूर हैं। उन्होंने पिछले महीने अपने यूट्यूब चैनल पर स्टैंड-अप शो ‘नया भारत’ शुरू किया, जिसमें उन्होंने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे के खिलाफ ‘देशद्रोही’ टिप्पणी की, जिसको लेकर वह विवादों में हैं। विधायक पटेल की शिकायत पर कामरा के खिलाफ खार पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 353(1)(बी) (सार्वजनिक रूप से शरारत करने वाले बयान) और 356(2) (मानहानि) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
हाईकोर्ट ने मुंबई पुलिस और विधायक को भेजा नोटिस
कॉमेडियन कुणाल कामरा ने अपने खिलाफ दर्ज एफआईआर को बॉम्बे हाईकोर्ट में चुनौती दी। कामरा की याचिका पर हाईकोर्ट ने मंगलवार को मुंबई पुलिस और शिवसेना विधायक पटेल को नोटिस जारी किया है। हाईकोर्ट ने कहा है कि वह कामरा की याचिका पर 16 अप्रैल को सुनवाई करेगा। इस बीच, मद्रास हाईकोर्ट ने सोमवार को कामरा को दी गई अंतरिम जमानत 17 अप्रैल तक बढ़ा दी है।
पुलिस से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये पूछताछ का अनुरोध किया
कॉमेडियन कुणाल कामरा ने दावा किया है कि शो के बाद उन्हें जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। जिसके चलते वह मुंबई नहीं आ रहे हैं। कामरा ने कहा कि उन्होंने पुलिस से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये पूछताछ करने का अनुरोध किया है।



