बंगलूरू इवेंट के दौरान एक लड़के पर भड़के गायक सोनू निगम, बोले- ‘यही कारण है जो पहलगाम में हुआ…’

भारतीय सिंगर सोनू निगम का सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह बंगलूरू कार्यक्रम के दौरान कन्नड़ भाषा के प्रति अपना सम्मान प्रकट कर रहे हैं। इसके अलावा गायक इवेंट में एक लड़के पर अपना गुस्सा जाहिर करते दिख रहे हैं। साथ ही वह इस हरकत को पहलगाम में हुए आतंकी हमले से जोड़ रहे हैं। आइए जानते हैं किस बात पर भड़के सोनू निगम।
कन्नड़ गानों के प्रति जताया प्रेम
गायक सोनू निगम हाल ही में बंगलूरू के एक कॉन्सर्ट में शामिल हुए, जिसका एक क्लिप सोशल मीडिया पर सामने आया है। इस वीडियो में वह कर्नाटक के प्रति सम्मान जाहिर करते हुए कह रहे हैं, ‘मैंने सभी भाषाओं में गाने गाए हैं, लेकिन मैंने अपने जीवन में जो सबसे अच्छे गाने गाए हैं, वे कन्नड़ गाने हैं। मैं आपके बीच में जब भी आता हूं बहुत प्यार से आता हूं। शो तो रोज करते हैं हमलोग, लेकिन जब कभी भी कर्नाटक में शो होते हैं हम बहुत इज्जत से आते हैं क्योंकि आप लोगों ने हमें अपना परिवार माना है।’आगे बातचीत में सोनू निगम एक लड़के के व्यवहार के बारे में बताते हुए कहते हैं, ‘मुझे अच्छा नहीं लगा कि वहां एक लड़का था जिसकी उम्र जितनी रही होगी, उससे पहले से मैं कन्नड़ गाने गा रहा हूं। वह मुझे अभद्र तरीके से कन्नड़, कन्नड़ कह रहा था। यही कारण है पहलगाम में जो हुआ है, यही कारण है जो कर रहे हो, जो किया था ना अभी। देखो तो कौन सामने खड़ा है। मुझे कन्नड़ लोगों से प्यार है. मैं तुम लोगों से प्यार करता हूं, लेकिन ऐसा ना करें।’
एक नजर सोनू निगम के करियर की ओर
सोनू निगम के करियर की बात करें तो उन्होंने साल 1992 के टीवी सीरियल ‘तलाश’ से अपना करियर शुरू किया था। इसके बाद सिंगर ‘बॉर्डर’ फिल्म के ‘संदेशे आते हैं’ और ‘परदेस’ फिल्म के ‘ये दिल दीवाना’ गानों से काफी मशहूर हुए। अभी तक सोनू निगम ने कई हिट गाने दिए हैं, जो लोगों की जुबां पर हैं।



