Latest newsPodcast

‘भाजपा के सुपर प्रवक्ता बन गए हैं शशि थरूर’, उदित राज ने पार्टी सांसद पर ही बोला हमला

कांग्रेस पार्टी में सबकुछ सही नहीं चल रहा है। इसका संकेत बुधवार को मिला, जब कांग्रेस पार्टी के नेता और पूर्व सांसद उदित राज ने अपनी ही पार्टी के सांसद शशि थरूर पर तीखा हमला बोला और उन्हें भाजपा का सुपर प्रवक्ता बता दिया। शशि थरूर केंद्र सरकार द्वारा विभिन्न देशों के दौरों पर भेजे गए सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा हैं और एक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। शशि थरूर के नेतृत्व वाला प्रतिनिधिमंडल फिलहाल पनामा में मौजूद है। पनामा में ही शशि थरूर के एक बयान से नाराज होकर उदित राज ने टिप्पणी की। शशि थरूर ने पनामा में दिए अपने एक भाषण में कहा कि ‘भारत सरकार ने हाल के वर्षों में अपनी सोच में बदलाव किया है। जिसके बाद आतंकियों को भी ये अहसास हो गया है कि उन्हें भारत में हमले की कीमत चुकानी पड़ेगी। थरूर की इस टिप्पणी ने उनकी ही पार्टी के नेताओं को नाराज कर दिया। उदित राज ने कहा कि कांग्रेस सांसद शशि थरूर भाजपा के सुपर प्रवक्ता बन गए हैं। जो भाजपा नेता नहीं कह रहे हैं, वो शशि थरूर, पीएम मोदी और सरकार के बारे में कह रहे हैं। क्या उन्हें (थरूर) पता भी है कि पिछली सरकारों ने क्या किया? वे (केंद्र सरकार) भारतीय सशस्त्र बलों का श्रेय ले रहे हैं। शशि थरूर भाजपा के प्रचार विभाग के प्रवक्ता बने हुए हैं।’

थरूर के किस बयान से कांग्रेस नेता भड़के
पनामा में दिए अपने भाषण में शशि थरूर ने सर्जिकल स्ट्राइक और बालाकोट स्ट्राइक का जिक्र किया और कहा कि ‘हाल के वर्षों में भारत की सोच में बदलाव आया है। अब आतंकियों को पता है कि उन्हें कीमत चुकानी होगी। इस पर कोई शक नहीं है। पहली बार भारत ने सर्जिकल स्ट्राइक के समय एलओसी पार कर आतंकी ठिकानों पर हमले किए। यहां तक की कारगिल की लड़ाई में भी हमने सीमापार नहीं की थी। इस बार न सिर्फ हमने सीमा पार की है बल्कि अंतरराष्ट्रीय सीमा भी पार की है। हमने पाकिस्तान के मध्य में स्थित पंजाब में नौ आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया।’

‘आप पार्टी के प्रति इतने बेईमान कैसे हो सकते हैं’

इस पर कांग्रेस नेता उदित राज ने सोशल मीडिया पर लिखा कि ‘आप ये कहकर कांग्रेस के स्वर्णिम इतिहास को कैसे कमतर कर सकते हैं कि पीएम मोदी से पहले भारत ने कभी एलओसी पार नहीं की। 1965 की लड़ाई में भारतीय सेना लाहौर तक पहुंच गई थी। साल 1971 में कांग्रेस के समय पाकिस्तान को दो हिस्सों में बांट दिया गाय था। साथ ही यूपीए सरकार के कार्यकाल में कई सर्जिकल स्ट्राइक की गईं, लेकिन उनका ढिंढोरा नहीं पीटा गया। आप पार्टी के प्रति इतने बेईमान कैसे हो सकते हैं, जिस पार्टी ने आपको इतना कुछ दिया।’

Related Articles

Back to top button