Latest newsSports

अश्विन का आमिर को करारा जवाब, युवराज से भी कर दी तुलना

टी20 विश्वकप के ग्रुप चरण में लगातार तीन बार शून्य पर आउट होने के बाद अभिषेक शर्मा आलोचकों के निशाने पर आ गए थे, लेकिन गुरुवार को उन्होंने 30 गेंद में चार चौके और चार छक्के की मदद से 55 रन की पारी खेली और जबरदस्त वापसी की। उनके फॉर्म में लौटने से फैंस को भी राहत मिली है, क्योंकि भारत का अगला मैच वेस्टइंडीज के खिलाफ एक नॉकआउट मुकाबला है और अभिषेक उसमें काफी अहमियत रखेंगे। अभिषेक के लगातार शून्य पर आउट होने पर पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने अभिषेक को एक ‘स्लॉगर’ यानी लप्पेबाज बताया था। आमिर का कहना था कि युवा बल्लेबाज के खेल में रक्षात्मक तकनीक की कमी है और वह हर गेंद पर बड़े शॉट खेलने की कोशिश करते हैं। अब जिम्बाब्वे के खिलाफ अभिषेक के अर्धशतक के बाद रविचंद्रन अश्विन ने आमिर को करारा जवाब दिया है।

अश्विन का पलटवार
भारत के पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर आमिर की टिप्पणी का जवाब दिया। उन्होंने कहा, ‘आप उनके खेल के बारे में कुछ भी कह सकते हैं, लेकिन वह स्लॉगर नहीं हैं। जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में उनका बैट स्विंग सबसे बेहतरीन में से एक है। हम सब जानते हैं कि युवराज सिंह उनके मेंटर हैं। शायद उनका बैट स्विंग युवराज से भी बेहतर है।’ अश्विन ने आगे जोड़ा, ‘जब भी अभिषेक गेंद को हिट करते हैं, वह बहुत दूर जाती है। लोग उन्हें स्लॉगर समझ लेते हैं, लेकिन उनकी गलती सिर्फ इतनी रही है कि वह हर गेंद पर इरादा दिखाना चाहते हैं।’ अभिषेक के अर्धशतक ने टीम इंडिया की 72 रन की जीत में अहम भूमिका निभाई। इस पारी में आक्रामकता के साथ-साथ धैर्य भी नजर आया। महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने अभिषेक की पारी की तारीफ करते हुए कहा, ‘हम जानते हैं कि अभिषेक शर्मा कितने अच्छे बल्लेबाज हैं। उन्होंने 55 रन की पारी से अपने आलोचकों को चुप करा दिया। उन्होंने शुरुआत में समय लिया, ऑफ स्पिनर को सम्मान दिया और संयम से खेला। इस मैच में उन्होंने एक डिफेंसिव शॉट भी खेला, जो देखकर मुझे हैरानी हुई, क्योंकि आमतौर पर हम ऐसा नहीं देखते।’
बदली सोच, बदला खेल
यह पारी सिर्फ रन बनाने तक सीमित नहीं थी, बल्कि यह संदेश भी था कि अभिषेक परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढाल सकते हैं। अब सवाल यह है कि क्या वह यही पारी वेस्टइंडीज के खिलाफ भी दिखाने में कामयाब होंगे। भारत और वेस्टइंडीज सुपर-8 के ग्रुप में क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं। दोनों के दो-दो अंक हैं। एक मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डेन्स में जब दोनों टीमें आमने-सामने आएंगी, तो जीतने वाली टीम सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी, जबकि हारने वाली टीम का सफर थम जाएगा।

Related Articles

Back to top button