फिल्ममेकर नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ इस साल की सबसे ज्यादा चर्चित फिल्मों में से एक है। 30 जुलाई को फिल्म का ट्रेलर रिलीज हुआ और तभी से सोशल मीडिया पर इसकी खूब चर्चा हो रही है। प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने बताया कि फिल्म रामायण भारत में रिलीज होने से दो दिन पहले विदेशों में रिलीज की जाएगी। उन्होंने इसके पीछे की वजह भी समझाई।
क्यों विदेशों में पहले रिलीज होगी फिल्म?
एनडीटीवी से बातचीत में मल्होत्रा ने कहा, ‘हम फिल्म को इंटरनेशनल लेवल पर 6 नवंबर को रिलीज कर रहे हैं। विदेशों में फिल्मों की रिलीज आमतौर पर शुक्रवार को होती है, इसलिए हमने यह तारीख चुनी है। वहीं भारत में हम इसे दिवाली के मौके पर रिलीज करने का प्लान बना रहे हैं।’ इसका मतलब है कि विदेशों के दर्शक रामायण को भारतीय दर्शकों से दो दिन पहले देख पाएंगे। फिल्म की ग्लोबल रिलीज शुक्रवार, 6 नवंबर को होगी, जबकि भारत में यह रविवार, 8 नवंबर को रिलीज होगी।
दो पार्ट में रिलीज होगी फिल्म
‘रामायण’ का निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं और इसे नमित मल्होत्रा प्रोड्यूस कर रहे हैं। फिल्म को दो पार्ट में बनाया जाएगा। इसका पहला पार्ट इस साल दिवाली पर रिलीज होना है। जबकि अगला पार्ट अगले साल यानी 2027 की दिवाली पर रिलीज करने की योजना है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान ‘राम’, साई पल्लवी ‘सीता’, यश ‘रावण’, सनी देओल ‘हनुमान’ और रवि दुबे ‘लक्ष्मण’ की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म का संगीत हंस जिमर और एआर रहमान ने मिलकर तैयार किया है।