Latest newsWorld news

अमेरिका में शटडाउन का गहरा हो रहा असर, परमाणु सुरक्षा एजेंसी के 1,400 कर्मचारियों की छुट्टी

अमेरिका में चल रहे शटडाउन का असर अब बड़े पैमाने पर साफ-साफ दिखने लगा है। इसके तहत अब अमेरिका की परमाणु हथियारों की निगरानी करने वाली एजेंसी नेशनल न्यूक्लियर सिक्योरिटी एडमिनिस्ट्रेशन (एनएनएसए) ने अपने 1,400 कर्मचारियों को छुट्टी पर भेज दिया है। यह जानकारी अमरेकि के ऊर्जा मंत्री क्रिस राइट ने सोमवार को नेवादा दौरे के दौरान दी। राइट ने बताया कि लगभग 400 जरूरी कर्मचारी काम पर बने रहेंगे, साथ ही ठेके पर काम कर रहे हजारों लोग भी अपनी जिम्मेदारी निभाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि आज का दिन मुश्किल भरा है। हम हर किसी की नौकरी बचाने और परमाणु हथियारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में लगे हैं। हालांकि राइट ने भरोसा दिलाया कि फिलहाल राष्ट्रीय सुरक्षा को कोई खतरा नहीं है क्योंकि जरूरी कर्मचारी तैनात हैं और परमाणु भंडार पूरी तरह सुरक्षित है।

अमेरिका में शटडाउन
बता दें कि अमेरिकी सरकार बीते एक अक्तूबर से बंद है। इस राजनीतिक गतिरोध की वजह स्वास्थ्य बीमा सब्सिडी को लेकर चल रहा विवाद है। डेमोक्रेट चाहते हैं कि इसकी व्यवस्था तय हो, जबकि रिपब्लिकन तब तक कोई बात नहीं करना चाहते जब तक सरकार दोबारा नहीं खुलती। ऊर्जा मंत्री ने बताया कि शटडाउन की वजह से कुछ वाणिज्यिक रिएक्टरों की टेस्टिंग में देरी होगी, जिनमें छोटे और सस्ते मॉड्यूलर रिएक्टर भी शामिल हैं, जिन्हें ट्रंप प्रशासन ने बढ़ावा दिया है। डेमोक्रेट सीनेटर एड मार्की ने फैसले की आलोचना करते हुए कहा कि परमाणु सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं को रोकना बेहद खतरनाक है। सुरक्षा में कोई ढील नहीं दी जा सकती।

ट्रंप प्रशासन ने पहले भी की थी छंटनी
हालांकि इससे पहले फरवरी में ट्रंप प्रशासन ने एनएनएसए के कई कर्मचारियों को हटाया था, लेकिन सुरक्षा पर उठे सवालों के बाद फैसला पलटा गया था। उस समय एलन मस्क के नेतृत्व में सरकारी दक्षता विभाग ने हजारों कर्मचारियों की छंटनी की थी। टेक्सास के अमरिलो में स्थित पैंटेक्स प्लांट पर इसका सबसे ज्यादा असर पड़ा था, जहां परमाणु हथियारों को फिर से जोड़ा जाता है।
गौरतलब है कि रविवार को कर्मचारियों को जो नोटिस मिला, उसमें कहा गया है कि वे 30 दिन या उससे कम समय के लिए बिना वेतन के छुट्टी पर रहेंगे। केवल वे कर्मचारी काम पर रहेंगे जो जीवन रक्षा, संपत्ति सुरक्षा या संचालन के समापन से जुड़े अहम कामों में लगे हैं।

Related Articles

Back to top button