Latest newsSports

वैभव से डरा न्यूजीलैंड! 15 साल के बल्लेबाज को रोकने के लिए बनाया प्लान; क्या बोले कप्तान सैंटनर?

15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने अपने आक्रामक अंदाज से दुनिया भर के गेंदबाजों का ध्यान खींचा है। अब न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने भी माना है कि अगर इस युवा बल्लेबाज को भारत की प्लेइंग-11 में मौका मिलता है, तो उसे रोकना आसान नहीं होगा। हालांकि, पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज से पहले मेजबान कप्तान ने साफ किया कि उनकी टीम ने वैभव के खेल को अच्छे से देखा है और उन्हें रोकने के लिए कुछ खास योजनाएं तैयार की हैं। भारत और न्यूजीलैंड के बीच सीरीज का पहला मुकाबला गुरुवार को क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा। 

वैभव खेले तो न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की होगी परीक्षा
वैभव सूर्यवंशी को इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे के लिए भारतीय टीम में चुने जाने के बाद से सीमित मौके मिले हैं। नियमित सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन के लगातार अच्छे प्रदर्शन के कारण उन्हें प्लेइंग-11 में जगह बनाने के लिए इंतजार करना पड़ा है। वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछली सीरीज में भी वह नहीं खेले थे। भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी कहा है कि वैभव को अपने मौके के लिए अभी और इंतजार करना पड़ेगा। इसके बावजूद सैंटनर ने वैभव की प्रतिभा को स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि यह युवा बल्लेबाज भविष्य में भारतीय टीम के लिए अहम भूमिका निभा सकता है। सैंटनर ने सीरीज से पहले कहा, ‘वैभव पिछली सीरीज में नहीं खेले थे, लेकिन हम जानते हैं कि वह कितने अच्छे खिलाड़ी हैं। हमने उन्हें आईपीएल में देखा है। अभिषेक जैसे दूसरे खिलाड़ी भी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। वैभव की भारत के लिए बड़ी भूमिका होगी, चाहे वह इस सीरीज में हो या भविष्य में।’ न्यूजीलैंड के कप्तान ने आगे कहा, ‘अगर उन्हें इस सीरीज में खेलने का मौका मिलता है, तो हमने देखा है कि वह क्या कर सकते हैं। उन्हें रोकना काफी मुश्किल रहा है। हमने इंग्लैंड में देखा कि भारतीय बल्लेबाजों के खिलाफ गेंदबाजों ने छोटी और तेज गेंदों का इस्तेमाल किया। आईपीएल में भी उनका आक्रामक अंदाज देखा है। अगर वह खेलते हैं, तो उन्हें रोकने के लिए हमारे पास कुछ योजनाएं हैं।’
 
भुवनेश्वर की स्विंग से न्यूजीलैंड को खतरा
भारतीय टीम में करीब चार साल बाद लौटे अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को लेकर भी सैंटनर ने अपनी राय रखी। न्यूजीलैंड के कप्तान का मानना है कि यहां की परिस्थितियां भुवनेश्वर की गेंदबाजी के अनुकूल होंगी। नई गेंद से स्विंग हासिल करने की उनकी क्षमता मेजबान टीम के बल्लेबाजों के लिए चुनौती बन सकती है।  सैंटनर ने कहा, ‘मुझे लगता है कि भुवी को न्यूजीलैंड की परिस्थितियां काफी पसंद आएंगी। अगर पिच पर गेंदबाजों के लिए कुछ मदद होगी, तो वह उसका फायदा उठा लेंगे। भारत की कुछ सपाट पिचों पर भी उन्होंने गेंद को स्विंग कराया है और उसमें मूवमेंट हासिल की है। इसलिए यहां नई गेंद से उनका सामना करना खास तौर पर चुनौतीपूर्ण होगा।’ उन्होंने भारतीय पिचों पर बड़े स्कोर बनने का जिक्र करते हुए कहा, ‘आजकल भारत में गेंदबाजी करना काफी चुनौतीपूर्ण है। हमने हाल की सीरीज में देखा कि 250 रन का लक्ष्य भी हासिल कर लिया गया। ऐसे में कौन गेंदबाज बनना चाहेगा? लेकिन भुवी को यहां की परिस्थितियां थोड़ी ज्यादा पसंद आ सकती हैं।’ सैंटनर को उम्मीद है कि सीरीज में गेंदबाजों का दबदबा देखने को मिलेगा, लेकिन उन्होंने माना कि पिच और मौसम के कारण परिस्थितियां तेजी से बदल सकती हैं। उनके मुताबिक, पहले मैच में गेंदबाजों को मदद मिल सकती है, जबकि दूसरे मुकाबले के लिए इस्तेमाल की गई पिच अपेक्षाकृत सपाट हो सकती है। उन्होंने कहा, ‘मुझे उम्मीद है कि गेंदबाजों का दबदबा रहेगा। शायद पहले मैच में ऐसा हो, लेकिन परिस्थितियां तेजी से बदल सकती हैं। यह काफी हद तक मौसम पर निर्भर करेगा। दूसरे मैच में उसी पिच का इस्तेमाल होगा, जिस पर पहला मुकाबला खेला जाएगा। ऐसे में वह थोड़ी सपाट हो सकती है।’ सैंटनर ने भारतीय टीम को मजबूत बताते हुए कहा कि भारत के खिलाड़ी दुनिया भर में अलग-अलग परिस्थितियों में खेल चुके हैं। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि भारत ने पिछली सीरीज में न्यूजीलैंड को 4-1 से हराया था। भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों के बाद पांच वनडे और दो टेस्ट भी खेले जाएंगे। ऐसे में दोनों टीमों के लिए यह दौरा लंबा और चुनौतीपूर्ण रहने वाला है।

Related Articles

Back to top button