अभिनेत्री के बयान पर क्यों हुआ विवाद? भाजपा नेता ने जताई नाराजगी, कहा- इनके जैसे लोग सनातन विरोधी

दिवाली का त्योहार नजदीक है। इस बीच अभिनेत्री दीया मिर्जा ने लोगों से पर्यावरण मुक्त दिवाली मनाने की अपील की। मगर, इस पर सियासत गरमा गई है। बीएमसी ने अभिनेत्री का ‘ग्रीन दिवाली’ मनाने की अपील वाला कथित वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर साझा किया, इस पर आलोचना शुरू हो गई। भाजपा नेता नितेश राणे ने भी इस पर तीखा प्रतिक्रिया दी है। राज्य मंत्री नितेश राणे ने दीया मिर्जा पर सनातन विरोधी व हिंदू धर्म विरोधी होने का आरोप लगाते हुए तीखा हमला किया है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण फ्रेंडली तरीके से त्योहार मनाने की बात वे अन्य धर्मों के लिए नहीं करतीं। होली और दिवाली के त्योहारों पर ही ऐसी सलाह दी जाती है। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, अभिनेत्री दीया मिर्जा के पर्यावरण दिवाली कैंपेन पर राज्य मंत्री नितेश राणे ने कहा, ‘दीया मिर्जा ने दिवाली के बारे में ट्वीट किया है, लेकिन वह ईद, मुहर्रम या बकरीद के दौरान कभी ट्वीट या ऐसी सलाह नहीं देतीं। वे सिर्फ एनवायरनमेंट-फ्रेंडली होली की बात करती हैं। उन्हें एनवायरनमेंट-फ्रेंडली रमजान और बकरीद के बारे में भी बोलना चाहिए। उनके जैसे लोग सनातन हिंदू धर्म के खिलाफ हैं। मैं इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री से बात करूंगा और भविष्य में ऐसे मामलों को रोकने पर ध्यान दूंगा’। विवाद शुरू होने पर बीएमसी ने दीया का वीडियो कथित तौर पर डिलीट कर दिया है।
अमित साटम ने कहा- ‘हमें दीया से सीखने की जरूरत नहीं’
इससे पहले भाजपा मुंबई के अध्यक्ष अमित साटम ने भी आपत्ति जताई थी। उन्होंने एक्स पर पोस्ट साझा कर बीएमसी को टैग करते हुए लिखा, ‘हमें दीया मिर्जा से यह सीखने की जरूरत नहीं है कि दिवाली कैसे मनाई जाए। हमारी परंपराएं हमारी संस्कृति में गहराई से रची-बसी हैं’।
विवाद पर दीया मिर्जा ने तोड़ी चुप्पी
अपने पॉल्यूशन-फ्री दिवाली कैंपेन पर छिड़े विवाद पर दीया मिर्जा ने चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने ANI से कहा, ‘किसी को उस वीडियो की बुराई क्यों करनी चाहिए, जिसे माननीय बॉम्बे हाई कोर्ट और BMC ने मुझसे पब्लिक इंटरेस्ट में रिकॉर्ड करवाया है? वायु प्रदूषण चिंता का विषय है। प्रदूषण कम करने की सभी कोशिशों का स्वागत किया जाना चाहिए, क्योंकि यह जन स्वास्थ्य का मामला है’।



