India newsMumbai news

अमित शाह की पदयात्रा पर राउत का तंज, राहुल पर क्या बोले?

शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने सोमवार को भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को खत्म करने वाले अब इसे बचाने के लिए रैलियां कर रहे हैं। उन्होंने भाजपा की ओर से हैदराबाद में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में आयोजित होने वाली ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा पर तंज कसा। समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में राउत ने कहा, ‘उन्हें ऐसा करने दीजिए। लोकतंत्र को नष्ट करने वाले ही इसे बचाने के लिए रैलियां निकाल रहे हैं। यह सबसे बड़ी विडंबना है। इस तरह की विडंबना दूसरे देशों में भी देखने को मिलती थी।’ राउत ने विपक्षी गठबंधन इंडिया की ओर से दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित ‘चलो दिल्ली’ रैली को लोकतंत्र की रक्षा से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित बताया। उन्होंने इसकी तुलना वर्ष 1974 में जयप्रकाश नारायण के समर्थन में हुई रैली से की। उन्होंने कहा कि यह रैली लोकतंत्र, संविधान, स्वतंत्रता और नागरिक आजादी को बचाने के मुद्दों पर आयोजित की गई थी। राहुल गांधी के आह्वान पर सभी विपक्षी दलों के नेता और समर्थक इसमें शामिल हुए। 
रामलीला मैदान में आयोजित रैली पर क्या बोले राउत?
संजय राउत ने दावा किया कि रामलीला मैदान में आयोजित रैली में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली की सीमाओं पर पुलिस ने बैरिकेडिंग और अन्य प्रतिबंध लगाकर लोगों को रोक दिया, जिसके कारण कई लोग रैली में शामिल नहीं हो सके। राउत ने कहा, ‘रामलीला मैदान में रैली में भारी भीड़ थी। पुलिस ने सीमाओं पर बैरिकेडिंग कर लोगों को रोक दिया। अगर ऐसा नहीं होता तो पूरा दिल्ली ठहर जाता।’ भाजपा की ओर से इंडिया गठबंधन की रैली को फ्लॉप बताए जाने और रामलीला मैदान के आधे से भी कम भरे होने के दावे पर भी राउत ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा नेताओं की देखने की क्षमता कमजोर हो गई है। उन्हें पास की चीजें दिखाई नहीं देतीं और दूर की चीजें तो वे काफी समय से नहीं देख पा रहे हैं। राउत ने चीन का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा नेताओं को अरुणाचल प्रदेश में चीन की घुसपैठ और लद्दाख में हो रही गतिविधियां भी दिखाई नहीं देतीं।इंडिया गठबंधन की रैली में कौन-कौन शामिल?
दरअसल, रविवार को इंडिया गठबंधन ने दिल्ली के रामलीला मैदान में मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के विरोध में बड़ी रैली आयोजित की थी। इसमें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव समेत कई विपक्षी नेता शामिल हुए।

Related Articles

Back to top button