Latest newsPodcast

‘मॉक संसद में राहुल गांधी पीएम बनें, संसद में नरेंद्र मोदी ही होंगे’: हिमंत बिस्वा सरमा का तंज; और क्या बोले?

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाना चाहती थीं और इसके लिए कई प्रयास भी किए गए। जब उनका कोई प्रयास सफल नहीं हुआ तो कांग्रेस नेताओं ने मल्लिकार्जुन खरगे के आवास के लॉन में मॉक संसद का आयोजन किया गया और वहां राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाया गया। सरमा ने कहा कि हकीकत यह है कि मॉक संसद में राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनेंगे और संसद में नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री रहेंगे। 

दिल्ली-गुवाहाटी बुलेट ट्रेन को मंजूरी पर क्या बोले सरमा?
दिल्ली से गुवाहाटी तक बुलेट ट्रेन लाइन को मंजूरी मिलने पर सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि इस परियोजना को मंजूरी मिल गई है, हालांकि इसे आगे बढ़ाने के लिए अभी कई प्रक्रियाएं पूरी करनी बाकी हैं। सरमा ने कहा कि सबसे अच्छी खबर यह है कि गुवाहाटी अब बुलेट ट्रेन के नक्शे पर आ गया है। इस परियोजना के लिए ‘चिकन नेक’ यानी सिलीगुड़ी कॉरिडोर से होकर मार्ग तय किए जाने को उन्होंने काफी अहम बताया।

पीएम मोदी और अश्विनी वैष्णव को दिया श्रेय
मुख्यमंत्री ने बताया कि वो दिल्ली जाकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात करेंगे। इसके बाद परियोजना से जुड़ी और जानकारी सामने आएगी। उन्होंने इसे बेहद उल्लेखनीय, साहसिक और दूरदर्शी फैसला बताया। सरमा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की वजह से ही असम को इस परियोजना की मंजूरी मिली है। उनके मुताबिक, यह फैसला राज्य के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

Related Articles

Back to top button