शरीर के लिए क्यों जरूरी होता है सिट्रिक एसिड? क्या आपके आहार में है इसकी मात्रा

साइट्रिक एसिड का मुख्य कार्य शरीर में ऊर्जा के उत्पादन में मदद करना है। जब हम कार्बोहाइड्रेट्स-फैट्स और प्रोटीन वाली चीजें खाते हैं, तो शरीर उन्हें ऊर्जा में परिवर्तित करने के लिए विभिन्न रासायनिक प्रक्रियाओं से गुजरता है। इनमें से एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है क्रेब्स साइकल, जो कोशिकाओं में ऊर्जा उत्पन्न करने में मदद करती है। इस साइकल में साइट्रिक एसिड का मुख्य योगदान होता है। वैसे तो हमें आहार के माध्यम से ये पोषक तत्व प्राप्त होता रहता पर कुछ लोगों में इसकी कमी होने का भी खतरा हो सकता है। साइट्रिक एसिड की कमी होना वैसे तो काफी दुर्लभ है, क्योंकि शरीर इसे विभिन्न आहार स्रोतों से प्राप्त करता है। हालांकि कुछ कारणों या बीमारियों के कारण जब साइट्रिक एसिड साइकल में कोई गड़बड़ी आ जाती है, तो शरीर में ऊर्जा उत्पादन प्रभावित हो सकता है। इसके कारण आपको थकान, मांसपेशियों में कमजोरी सहित अन्य शारीरिक समस्याएं हो सकती हैं।
साइट्रिक एसिड मुख्य रूप से खट्टे फलों में पाया जाता है। आहार में इससे भरपूर चीजों को शामिल करके शरीर को कई प्रकार से लाभ हो सकते हैं। नींबू में साइट्रिक एसिड की उच्च मात्रा होती है। इसका सेवन ताजे रूप में या पानी में निचोड़कर किया जा सकता है। इसी तरह संतरा और अन्य खट्टे फल, जैसे अंगूर, टमाटर, और आमला, साइट्रिक एसिड का अच्छा स्रोत होते हैं। अनार को आहार में शामिल करके साइट्रिक एसिड की पूर्ती की जा सकती है। ये एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होता है।

साइट्रिक एसिड शरीर में ऊर्जा उत्पादन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसकी कमी से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। अच्छे आहार, जैसे खट्टे फल, साइट्रिक एसिड की कमी को दूर करने में मदद कर सकते हैं। उचित मात्रा में इनका सेवन करना शरीर को स्वस्थ और ऊर्जावान बनाए रखने में सहायक है। हालांकि इसकी मात्रा का ध्यान रखना जरूरी है, अधिक मात्रा में सेवन से कई दुष्प्रभाव भी हो सकते हैं।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।



