Mumbai news

मुंबई जल टैंकर एसोसिएशन ने की हड़ताल; बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट से जुड़े ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा

मुंबई जल टैंकर एसोसिएशन (एमडब्ल्यूटीए) ने टैंकरों को जलापूर्ति करने वाले निजी कुओं के मालिकों को नगर निगम द्वारा जारी नोटिस के विरोध में गुरुवार को शहर में अनिश्चितकाल के लिए हड़ताल कर दी। प्रवक्ता अंकुर शर्मा ने बताया कि एसोसिएशन के पास करीब 1,800 पंजीकृत टैंकर हैं। वे शहर के विभिन्न हिस्सों में करीब 350 एमएलडी पानी की आपूर्ति करते हैं। सभी टैंकरों को अनिश्चिकाल के लिए रोक दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्राधिकारियों ने 200 वर्ग मीटर भूमि, कुएं के पट्टे या स्वामित्व का प्रमाण, डिजिटल जल प्रवाह मीटर की स्थापना, बीआईएस मानक का पालन, दैनिक जलग्रहण का सटीक माप और कुछ अन्य चीजों को अनिवार्य कर दिया है। इसके अलावा केंद्रीय भूजल प्राधिकरण से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) भी लेना अनिवार्य कर दिया है। मुंबई जैसे शहर में इन सभी नियमों को लागू करना मुश्किल है। जब तक सरकार इन शर्तों में कुछ ढील नहीं देती, टैंकर सेवाएं फिर से शुरू नहीं होंगी। हमने अपना व्यापार बंद कर दिया है।

ठाणे में बुलेट ट्रेन परियोजना के लिए खोदे गए गड्ढे गिरा लड़का, ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा
ठाणे जिले के भिवंडी में मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के लिए खोदे गए गड्ढे में 12 वर्षीय लड़के के गिरने के बाद पुलिस ने ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। लड़का सोमवार शाम को कोपरगांव में गड्ढे में गिर गया था। नारपोली पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक भरत कामथ ने कहा कि साइट पर काम कराने वाले ठेकेदार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106 (लापरवाही से मौत का कारण बनना) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। एनसीपी शरद के भिवंडी लोकसभा सांसद सुरेश म्हात्रे ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह घटना परियोजना में शामिल कंपनी की गैरजिम्मेदारी का परिणाम है। म्हात्रे के पीड़ित के रिश्तेदारों के साथ घटनास्थल का दौरा किया।

मुंबई के चेंबूर इलाके में गोलीबारी
मुंबई के चेंबूर इलाके में डायमंड गार्डन सिग्नल पर मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात लोगों ने 50 वर्षीय एक व्यक्ति को गोली मार दी। पुलिस ने बताया कि बुधवार शाम को यह घटना हुई। चेंबूर पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने बताया कि पीड़ित सदरुद्दीन खान को पास के जेन अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई गई है। अधिकारी ने बताया कि खान नवी मुंबई के बेलापुर जा रहे थे, जहां उनका घर है। वहीं, बुधवार को महाराष्ट्र के पालघर जिले में भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (BARC) तारापुर के आवासीय परिसर के अंदर एक कार की चपेट में आने से 73 वर्षीय महिला की मौत हो गई। पीड़िता की पहचान चायलता विश्वनाथ अरेकर के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब वह अपने पति के साथ मेडिकल जांच के लिए अस्पताल से बाहर निकल रही थी, तो उसी अस्पताल में कार्यरत डॉक्टर डॉ. ए. के. दास द्वारा कथित तौर पर चलाई जा रही कार अनियंत्रित हो गई और तेज गति से महिला को टक्कर मार दी। जिससेअरेकर की मौके पर ही मौत हो गई। अधिकारी ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है और दास को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। उन्होंने कहा कि इस बात की जांच की जाएगी कि दुर्घटना कार में यांत्रिक खराबी के कारण हुई या इसमें मानवीय लापरवाही बरती गई।

मुंबई: पश्चिमी रेलवे ने माहिम और बांद्रा के बीच पुल की मरम्मत के लिए मेगा ब्लॉक 

माहिम और बांद्रा स्टेशनों के बीच पुल की “री-गर्डरिंग” के लिए मेगा ब्लॉक के कारण 11 और 12 अप्रैल तथा 12 और 13 अप्रैल की मध्य रात्रि को बड़ी संख्या में उपनगरीय और लंबी दूरी की ट्रेनें प्रभावित होंगी। पश्चिमी रेलवे ने बुधवार को इस बारे में जानकारी दी। रेलवे ने जारी बयान में बताया कि प्रत्येक रात ब्लॉक की अवधि 9.30 घंटे होगी। 11 अप्रैल को ब्लॉक रात 11 बजे शुरू होगा और अगले दिन सुबह 8.30 बजे समाप्त होगा। 12 अप्रैल को ब्लॉक रात 11.30 बजे शुरू होगा और अगले दिन सुबह 9 बजे समाप्त होगा।  महाराष्ट्र के पुणे में एक घर में सिलिंडर फटने से पिता-पुत्र की मौत हो गई। हादसा मंगलवार देर रात वारजे इलाके में हुआ। धमाके के बाद घर में आग लग गई। अग्निशमन दल ने बाद में उस पर काबू पाया। एक अधिकारी ने बताया कि जब हम मौके पर पहुंचे तो विस्फोट के कारण दोनों बुरी तरह झुलसे मिले। उन्हें तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने कहा, हादसे के कारणों का तत्काल पता नहीं चल पाया। जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button