Latest newsUncategorized

मुंबई में नए साल का बारिश से आगाज, पहाड़ों पर बर्फबारी और दिल्ली में भीषण ठंड

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में नए साल का आगाज बारिश के साथ हुआ है। मुंबई में तड़के जमकर बादल बरसे। वहीं राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कड़ाके की ठंड जारी है।  दिल्ली में नव वर्ष की पूर्व संध्या पर पिछले छह वर्षों में दिसंबर का सबसे ठंडा दिन रहा। राजस्थान में शीत लहर चल रही है। उत्तर प्रदेश में ठंड के चलते स्कूल बंद हैं।
राजधानी दिल्ली में आज बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, नए साल के पहले पश्चिमी राजस्थान, सौराष्ट्र और कच्छ में बारिश हो सकती है। वहीं पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पूर्वी राजस्थान और जम्मू कश्मीर के कई इलाकों में भी आज बारिश के आसार हैं। उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों जैसे प्रयागराज, गोरखपुर, कानपुर, बरेली में भारी धुंध छाएगी और इस दौरान दृश्यता शून्य रहेगी। बिहार, पंजाब, असम और मध्य प्रदेश के कई इलाकों में आज धुंध छाई रहेगी। पंजाब में भी ठंड का प्रकोप जारी है। राज्य में रातें काफी सर्द हैं और कई दिनों से तापमान एक अंकों में चल रहा है। हिमाचल प्रदेश में 2-4 जनवरी में शीतलहर चलने का अनुमान है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भी 3 से 5 जनवरी के बीच शीतलहर चल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर पश्चिमी भारत में अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हो सकती है और ठंड से हल्की राहत मिल सकती है। मध्य भारत में भी अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी के आसार हैं।
असम के गुवाहाटी में स्कूल बंद
पूर्वोत्तर में, असम के गुवाहाटी में दिन के तापमान में इतनी तेज गिरावट आई कि अधिकारियों ने बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए एक सप्ताह के लिए स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया है। बादलों से घिरे आसमान, रुक-रुक कर होने वाली बूंदाबांदी और ठंडी हवा ने हालात को काफी मुश्किल बना दिया है।

Related Articles

Back to top button