Latest newsSports

कोच गंभीर पर भड़का यह दिग्गज; संजू-वैभव के बाद इस भारतीय खिलाड़ी के साथ अन्याय करने का लगाया आरोप

इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे और निर्णायक वनडे में भारत को 27 रन से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ टीम इंडिया ने तीन मैचों की सीरीज 1-2 से गंवा दी। हार के बाद भारत के पूर्व मुख्य चयनकर्ता और 1983 विश्व कप विजेता कृष्णमाचारी श्रीकांत ने मुख्य कोच गौतम गंभीर और टीम प्रबंधन पर तीखा हमला बोला। श्रीकांत ने खास तौर पर केएल राहुल के बल्लेबाजी क्रम पर सवाल उठाए और कहा कि टीम प्रबंधन उनके साथ अन्याय कर रहा है। 
‘राहुल नंबर-छह या सात के बल्लेबाज नहीं हैं’
अपने यूट्यूब चैनल पर श्रीकांत ने कहा कि इतने बड़े लक्ष्य का पीछा करते समय राहुल को नंबर-छह पर भेजना समझ से परे है। उन्होंने कहा, ‘387 रन के लक्ष्य का पीछा करते समय कोई केएल राहुल को नंबर-6 पर भेजता है क्या? इस खिलाड़ी ने मुश्किल रन चेज में भारत को कई मैच जिताए हैं। क्या राहुल नंबर-छह या नंबर-सात के बल्लेबाज हैं?’
श्रीकांत ने गंभीर पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल के साथ भी वही किया जा रहा है जो पहले संजू सैमसन और वैभव सूर्यवंशी के साथ हुआ। उन्होंने कहा, ‘जिस तरह आपने संजू सैमसन और वैभव सूर्यवंशी का नुकसान किया, अब वही केएल राहुल के साथ कर रहे हैं। यह उनके साथ बहुत बड़ा अन्याय है। कल उनकी बॉडी लैंग्वेज भी घबराए हुए खिलाड़ी जैसी लग रही थी।’
भारत की मजबूत शुरुआत बेकार गई
387 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत को रोहित शर्मा के शानदार शतक और कप्तान शुभमन गिल तथा विराट कोहली के अर्धशतकों से अच्छी शुरुआत मिली। हालांकि मध्यक्रम इसका फायदा नहीं उठा सका। ईशान किशन, श्रेयस अय्यर और केएल राहुल बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और टीम 27 रन से मैच हार गई। राहुल 44वें ओवर के अंत में बल्लेबाजी के लिए उतरे, जब भारत को जीत के लिए 36 गेंदों में 84 रन चाहिए थे। उन्होंने सिर्फ आठ गेंदों में 12 रन बनाए।
2023 वनडे विश्व कप में केएल राहुल ने पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 10 पारियों में 452 रन बनाए थे। हालांकि गौतम गंभीर के मुख्य कोच बनने के बाद उन्हें ज्यादातर नंबर-6 पर उतारा जा रहा है, जबकि कई मौकों पर अक्षर पटेल को उनसे पहले बल्लेबाजी के लिए भेजा गया। यह रणनीति 2025 चैंपियंस ट्रॉफी में सफल रही थी, लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ निर्णायक मुकाबले में इसी फैसले पर अब सवाल उठने लगे हैं।

Related Articles

Back to top button