राकेश बेदी नहीं बनते ‘धुरंधर’ का हिस्सा, डायरेक्टर ने उठाया बड़ा कदम; दिग्गज अभिनेता ने साझा किया किस्सा

फिल्म ‘धुरंधर’ को बॉक्स ऑफिस पर रिलीज हुए 10 दिन हो चुके हैं। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बढ़िया कलेक्शन कर रही है। ‘धुरंधर’ में कई दिग्गज अभिनेता नजर आए हैं, इसमें राकेश बेदी भी शामिल हैं। हाल ही में उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया कि वह इस फिल्म का हिस्सा ना होते, अगर डायरेक्टर ने एक बड़ा फैसला ना लिया होता। राकेश बेदी ने हाल ही में पिंकविला को दिए इंटरव्यू में बताया कि डायरेक्टर आदित्य धर से कहा गया था कि राकेश बेदी फिल्म में जमील का किरदार नहीं कर पाएंगे। इनकी जगह किसी दिग्गज अभिनेता को लीजिए। लेकिन डायरेक्टर ने किसी की नहीं सुनी। उनका मानना था कि राकेश बेदी ही इस किरदार को उम्दा तरीके से कर पाएंगे। इस तरह वह फिल्म ‘धुरंधर’ का हिस्सा बने।
राकेश बेदी के अलावा नजर आए ये कलाकार
फिल्म ‘धुरंधर’ में रणवीर सिंह लीड रोल में हैं। उनके अलावा राकेश बेदी, अक्षय खन्ना, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल, सारा अर्जुन और डेनिश पंडोर जैसे उम्दा एक्टर्स भी फिल्म में नजर आए। फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर दस दिनों में ही लगभग 294.47 करोड़ की कमाई कर ली है।



