Latest newsSports
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए भारत ने मांगा टर्निंग विकेट? सौरव गांगुली ने किया खुलासा

बंगाल क्रिकेट संघ (सीएबी) के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने सोमवार को कहा कि भारतीय टीम प्रबंधन ने शुक्रवार से ईडन गार्डन्स में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शुरू हो रहे दो मैचों की सीरीज के पहले टेस्ट के लिए स्पिनरों की मददगार पिच की मांग नहीं की है। भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर ऑस्ट्रेलिया में सीमित ओवरों की सीरीज खेलने वाली टीम के सदस्यों के साथ रविवार देर रात कोलकाता पहुंचे। उन्होंने सोमवार सुबह बल्लेबाजी कोच सीतांशु कोटक के साथ ईडन गार्डन्स की पिच का निरीक्षण किया। गांगुली ने भी शाम को पिच का निरीक्षण किया, जिसके बाद ओस या अप्रत्याशित बारिश से बचाने के लिए पूरे मैदान को ढक दिया गया। गांगुली से जब पूछा गया कि क्या भारतीय टीम प्रबंधन ने स्पिनरों की मददगार पिच की मांग की है तो उन्होंने कहा, ‘उन्होंने अभी तक इसके लिए नहीं कहा है। इसलिए, मैं इस सवाल का जवाब नहीं दे पाऊंगा। यह बहुत अच्छी पिच लग रही है।’ ईडन गार्डन्स ने इस सत्र में अब तक दो रणजी ट्रॉफी मैचों की मेजबानी की है और पिचें धीमी रही हैं और तेज गेंदबाजों को बहुत कम मदद मिल रही है। सीएबी के क्यूरेटर सुजान मुखर्जी ने पिच पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गंभीर भी पिच देखकर संतुष्ट थे। मुखर्जी के अनुसार भारत के मुख्य कोच ने पूछा था कि पिच से स्पिनरों को मदद कब मिलनी शुरू होगी और उन्होंने जवाब दिया कि ‘तीसरे दिन से’ टर्न मिलने की उम्मीद की जा सकती है।



