दोपहिया वाहन पर तीन महिलाएं कर रहीं थी सफर, महिला कॉन्स्टेबल ने जमकर की पिटाई; बाद में मांगी माफी

महाराष्ट्र के लातूर शहर में एक महिला ट्रैफिक कॉन्स्टेबल ने सड़क नियमों का उल्लंघन करते हुए दोपहिया वाहन पर सवार तीन युवतियों की पिटाई कर दी। हालांकि, बाद में उन्होंने अपनी हरकत के लिए माफी मांगी और कहा कि उनका इरादा गलत नहीं था। सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो सामने आया, जिसमें कॉन्स्टेबल प्रणिता मुसने को स्कूटर पर तीन को बैठाकर सवारी करते हुए पकड़ी गई महिलाओं के साथ गाली-गलौज और मारपीट करते हुए देखा गया। यह पूरी तरह से कानून के खिलाफ है। लातूर के रेनापुर नाका पर शूट किए गए क्लिप में कॉन्स्टेबल को तीनों महिलाओं पर लापरवाही से बाइक चलाने का आरोप लगाते हुए देखा गया। बाद में कान्स्टेबल ने तीन महिलाओं में से एक को थप्पड़ मार दिया। वीडियो सामने आने के बाद मुसने ने मंगलवार को संवाददाताओं को बताया कि वह पिछले ढाई साल से यातायात विभाग में काम कर रही हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं अपनी बेटियों को ट्यूशन क्लास के लिए छोड़ने के बाद अपनी ड्यूटी पर जा रही थी। मैंने देखा कि तीन महिलाएं एक दोपहिया वाहन पर लापरवाही से गाड़ी चला रही थीं।’ कॉन्स्टेबल ने दावा किया कि जब उसने महिलाओं से सुरक्षित यात्रा करने के लिए कहा, तो उन्होंने उसे अपने काम से मतलब रखने को कहा। मुसने ने कहा, ‘उन्होंने असुरक्षित यात्रा के लिए उन्हें समझाया और तीन लोगों के साथ एक स्कूटर पर सफर करने से मना किया। इसके बाद भी वे नहीं मानीं। उनमें पीछे बैठी महिलाओं में से एक महिला तो ठीक से बैठी भी नहीं थी।’ कॉन्स्टेबल ने कहा कि उसने महिलाओं का पीछा किया और जब वे राज्य परिवहन की बस के सामने रुकीं, तो उन्हें पकड़ लिया। मुसने ने कहा कि मैंने महिला को थप्पड़ मारा। उन्होंने कहा कि उस समय उसने एक मां की तरह व्यवहार किया, न कि एक पुलिस कॉन्स्टेबल की तरह। उन्होंने कहा, ‘मैंने जो भाषा का इस्तेमाल किया, वह भी गलत थी और मैं महिलाओं और उनके माता-पिता से माफी मांगती हूं। मेरा इरादा गलत नहीं था।’



