Latest newsSports

गिल और यशस्वी को लेकर टीम इंडिया में कन्फ्यूजन? पूर्व क्रिकेटर ने कोच गंभीर के फैसले पर उठाए सवाल

भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे वनडे में भले ही 170 रन से बड़ी जीत दर्ज कर ली हो, लेकिन टीम संयोजन को लेकर बहस छिड़ गई है। पूर्व भारतीय बल्लेबाज मनोज तिवारी का मानना है कि ओपनिंग क्रम में किए गए बदलाव भविष्य में टीम प्रबंधन के लिए सिरदर्द बन सकते हैं। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में रोहित शर्मा के साथ यशस्वी जायसवाल को पारी की शुरुआत करने भेजा गया, जबकि नियमित ओपनर शुभमन गिल नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने उतरे। हालांकि जायसवाल केवल चार रन बनाकर आउट हो गए, जबकि गिल ने शानदार शतक जड़ते हुए सभी आलोचनाओं का जवाब दे दिया। मनोज तिवारी ने कहा कि इस फैसले से बल्लेबाजों के बीच अपनी भूमिका को लेकर भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है। उनका मानना है कि खिलाड़ियों को उनके बल्लेबाजी क्रम को लेकर स्पष्टता मिलनी चाहिए। तिवारी ने कहा, ‘आने वाले मैचों में यह टीम प्रबंधन के लिए सिरदर्द बन सकता है। यशस्वी जायसवाल और रोहित शर्मा से ओपनिंग कराई गई, लेकिन अब शुभमन गिल ने नंबर तीन पर रन बना दिए हैं। ऐसे में वह भी अपनी बल्लेबाजी स्थिति के बारे में सोच रहे होंगे।’ उन्होंने आगे कहा, ‘मैं नहीं जानता कि टीम प्रबंधन क्या हासिल करना चाहता था। मुझे यहां स्पष्टता की कमी दिखाई देती है। हालांकि यह अच्छी बात है कि जायसवाल जैसे योग्य खिलाड़ी को मौका मिला। रोहित शर्मा को भी दबाव से बचने के लिए रन बनाने की जरूरत है।’ ओपनिंग से हटाए जाने के बावजूद शुभमन गिल ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने 110 गेंदों में 154 रन बनाए, जिसमें 22 चौके और दो छक्के शामिल रहे। गिल ने एक बार फिर साबित किया कि वह किसी भी बल्लेबाजी क्रम में टीम के लिए अहम भूमिका निभा सकते हैं। उनकी इस पारी की बदौलत भारत विशाल स्कोर खड़ा करने में सफल रहा।

Related Articles

Back to top button