गुजरात में बोटाद से आप विधायक उमेश मकवाना ने दिया इस्तीफा; थोड़ी देर बाद ही पार्टी से निलंबित किए गए

गुजरात में आम आदमी पार्टी के बोटाद विधायक उमेश मकवाना ने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने पत्र में लिखा, ‘…इस समय मेरी सामाजिक सेवाएं कम हो रही हैं, इसलिए मैं आम आदमी पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे रहा हूं। मैं पार्टी के लिए कार्यकर्ता के तौर पर काम करूंगा।’ इसके थोड़ी देर बाद ही उन्हें पार्टी से पांच साल के लिए निलंबित कर दिया गया। आप गुजरात के अध्यक्ष इसुदान गढ़वी ने ट्वीट किया, ‘उमेश मकवाना को पार्टी विरोधी और गुजरात विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के कारण पार्टी से पांच साल के लिए निलंबित कर दिया गया है।’
उन्होंने कहा, ‘मैंने 20 साल तक भाजपा में अलग-अलग पदों पर काम किया। उस समय जब गुजरात में आप को कोई पहचानता भी नहीं था, तब मैंने सत्तारूढ़ भाजपा पार्टी छोड़कर आम आदमी पार्टी ज्वाइन की थी। आज आप में मुझे लगता है कि हम डॉ. बीआर आंबेडकर के सिद्धांतों से भटक रहे हैं। इसलिए मैंने आम आदमी पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। मैं पार्टी कार्यकर्ता के तौर पर काम करना जारी रखूंगा। मैं बोटाद के लोगों के बीच जाऊंगा। मैं कुछ लोगों से मिलकर अलग पार्टी बनाने या न बनाने पर चर्चा करूंगा।



