Latest newsSports

‘युवाओं के लिए प्रेरणा हैं’, हर्षित राणा ने खोला ड्रेसिंग रूम का सच; RO-KO की मौजूदगी पर की बात

भारतीय युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा ने टीम इंडिया के ड्रेसिंग रूम का अनुभव साझा करते हुए बताया कि रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे अनुभवी खिलाड़ियों की मौजूदगी टीम के माहौल को पूरी तरह बदल देती है। राणा के लिए इन दोनों दिग्गजों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करना सिर्फ एक उपलब्धि नहीं, बल्कि एक सीखने वाला अनुभव है। बता दें कि, भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच जारी तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला बुधवार को रायपुर में खेला जाएगा। इस मैच में जीत के साथ टीम इंडिया मेहमानों पर 2-0 की अजेय बढ़त हासिल करने का लक्ष्य लेकर उतरेगी।
रोहित-कोहली की मौजूदगी पर क्या बोले राणा?
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे वनडे से पहले हर्षित राणा ने ड्रेसिंग रूम के माहौल पर चर्चा की। उन्होंने कहा, ‘यह मेरे लिए और पूरी टीम के लिए बहुत बड़ी बात है। अगर इतने अनुभवी खिलाड़ी आपके साथ मैदान पर और ड्रेसिंग रूम में हों, तो टीम का माहौल अपने आप अच्छा हो जाता है।’ राणा के मुताबिक, रोहित और कोहली न सिर्फ रन, स्थिरता और रणनीतिक मजबूती लाते हैं, बल्कि उनकी उपस्थिति पूरी टीम के आत्मविश्वास और ऊर्जा को बढ़ा देती है। उन्होंने कहा कि टीम में हर समय सकारात्मक माहौल रहता है चाहे खिलाड़ी मैदान पर हों या उसके बाहर। उन्होंने आगे कहा, ‘मैदान से बाहर भी या ड्रेसिंग रूम में भी, पूरे टीम का माहौल बेहद खुशगवार रहता है। हर खिलाड़ी खुद को बेहतर बनाने की कोशिश करता है क्योंकि रोहित और विराट हमेशा हमें बताते रहते हैं कि हम क्या-क्या सुधार सकते हैं।’
आलोचनाओं पर भी की चर्चा
इस दौरान हर्षित ने अपनी आलोचना पर स्पष्ट जवाब दिया है। उनका कहना है कि वह बाहर के किसी भी शोर पर ध्यान नहीं देते क्योंकि ऐसा करने से वह खुलकर क्रिकेट नहीं खेल पाएंगे। हर्षित से जब पूछा गया कि वह सोशल मीडिया पर प्रशंसकों सहित अन्य लोगों की आलोचना से कैसे निपटते हैं? इस पर उन्होंने कहा, ‘अगर मैं इन सब बातों को सुनना शुरू कर दूं और उन्हें अपने दिमाग में रखकर मैदान पर उतरूं तो मैं क्रिकेट नहीं खेल पाऊंगा। मैं जितना हो सके इससे बचने की कोशिश करता हूं। मैं बस इस बात पर ध्यान देता हूं कि मुझे मैदान पर क्या करना है। मुझे इस बात की परवाह नहीं है कि बाहर क्या हो रहा है या कोई मेरे बारे में क्या कह रहा है। मैं बस अपनी कड़ी मेहनत और मैदान पर क्या करने वाला हूं इस पर ध्यान देता हूं।’

Related Articles

Back to top button