अगर आप भी एल्युमिनियम फ्वाइल में पैक करते हैं भोजन, तो जरूर जान लें इसके नुकसान

एल्युमिनियम फॉयल आज बहुत से लोगों के रसोई का एक अनिवार्य हिस्सा बन चुका है। इसका उपयोग भोजन को गर्म रखने, पकाने और पैक करने में व्यापक रूप से होता है, क्योंकि यह सुविधाजनक और आसानी से उपलब्ध है। हालांकि यह सुविधा हमारे स्वास्थ्य पर भारी पड़ सकती है। हाल के वर्षों में किए गए कई शोधों ने यह साबित किया है कि एल्युमिनियम फॉयल में गर्म या अम्लीय भोजन पैक करने पर एल्युमिनियम के सुक्ष्म कण भोजन में रिस सकते हैं। यह रिसाव खासकर तब अधिक होता है जब भोजन में नींबू, टमाटर, या मसालेदार चटनी जैसे अम्लीय तत्व मौजूद हों। यह एल्युमिनियम फिर हमारे शरीर में प्रवेश कर जाता है। हालांकि शरीर में एल्युमिनियम की कुछ मात्रा सामान्य होती है, लेकिन इसका अधिक जमाव स्वास्थ्य के लिए गंभीर चिंता का विषय बन सकता है, जो केवल पाचन समस्याओं तक ही सीमित नहीं है, बल्कि हमारे तंत्रिका तंत्र और हड्डियों को भी प्रभावित कर सकता है। आइए इस लेख में इसी के बारे में विस्तार से जानते हैं। एल्युमिनियम एक न्यूरोटॉक्सिन है, जिसका मतलब है कि यह तंत्रिका तंत्र को नुकसान पहुंचा सकता है। शरीर में एल्युमिनियम का उच्च स्तर मस्तिष्क कोशिकाओं को प्रभावित कर सकता है। कुछ शोधों ने मस्तिष्क में एल्युमिनियम के जमाव और अल्जाइमर रोग जैसी न्यूरोडीजेनेरेटिव बीमारियों के बढ़ते जोखिम के बीच संबंध का संकेत दिया है।
हड्डियों के घनत्व और किडनी को नुकसान
शरीर में अतिरिक्त एल्युमिनियम का जमाव कैल्शियम और फॉस्फेट के अवशोषण में बाधा डालता है। इससे हड्डियों के घनत्व में कमी आ सकती है, जिससे हड्डियां कमजोर हो जाती हैं। इसके अलावा किडनी, गुर्दे का प्राथमिक कार्य अतिरिक्त एल्युमिनियम को शरीर से बाहर निकालना होता है, लेकिन इसका अत्यधिक भार किडनी की कार्यक्षमता को क्षति पहुंचा सकता है।

एल्युमिनियम का रिसाव तापमान और भोजन की प्रकृति पर निर्भर करता है। जब गर्म भोजन या नींबू, टमाटर, और सिरका युक्त अम्लीय भोजन को फॉयल में पैक किया जाता है, तो एल्युमिनियम के कण अधिक तेजी से भोजन में मिलते हैं। खाना पकाने के लिए फॉयल का उपयोग करने पर भी यह रिसाव बढ़ जाता है।
एल्युमिनियम फॉयल के सुरक्षित विकल्प के रूप में कांच, सिरेमिक या स्टेनलेस स्टील के कंटेनरों का उपयोग करना चाहिए। अगर फॉयल का उपयोग करना ही है, तो ठंडा और सूखा भोजन ही पैक करें और अम्लीय खाद्य पदार्थों को सीधे फॉयल के संपर्क में आने से रोकें। हमेशा फूड-ग्रेड बटर पेपर का इस्तेमाल करें, फिर उसे फॉयल में लपेटें।



