महाराष्ट्र में बकरीद पर कुर्बानी विवाद, भाजपा नेता ने दी एक्शन की चेतावनी; पुलिस भी पहुंची

महाराष्ट्र में बकरीद के त्योहार से पहले कुर्बानी को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। मुंबई के घाटकोपर पश्चिम में बुधवार को कुर्बानी के लिए लाए गए बकरों को लेकर तनाव की स्थिति बन गई। भाजपा नेता किरीट सोमैया ने सागर पार्क सोसाइटी का दौरा कर रिहायशी इलाकों में बकरों को बांधे जाने और कुर्बानी की संभावना पर चिंता जताई। किरीट सोमैया ने कहा कि कुर्बानी निश्चित रूप से होगी और होनी भी चाहिए, लेकिन यह केवल नगर निगम द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही की जानी चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी को भी धर्म की आड़ में धार्मिक माफियागिरी फैलाने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि रिहायशी इलाकों के अंदर कुर्बानी नहीं दी जानी चाहिए। भाजपा नेता ने कहा कि लोग अपने धर्म का पालन कर रहे हैं, लेकिन नियमों और अनुशासन को बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने पहले ही नगर निगम के अधिकारियों और आयुक्त को उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।
सोमैया ने चेतावनी दी कि अगर किसी भी हाउसिंग सोसाइटी के अंदर बकरी बांधी जाती है, तो नगर आयुक्त को जिम्मेदार ठहराया जाएगा। उन्होंने पुलिस की भूमिका पर भी जोर दिया कि वे यह सुनिश्चित करें कि किसी भी नियम का उल्लंघन न हो।
सोसाइटी का चेयरमैन नहीं दे सकता कुर्बानी की इजाजत : सोमैया
किरीट सोमैया ने सवाल उठाया कि बकरी सोसाइटी में कैसे पहुंची और उसे वहां रखने की अनुमति कैसे दी गई। उन्होंने कहा कि ऐसी ही स्थिति कल मीरा-भयंदर में भी देखी गई थी। उन्होंने कहा कि यह क्षत्रपति शिवाजी महाराज का महाराष्ट्र है। यहां ऐसी कोई माफियागिरी नहीं चलेगी। उन्होंने कहा कि सोसाइटी का चेयरमैन कोई मुस्लिम माफिया बन जाए, तो उसे कुर्बानी के लिए इजाजत देने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि हाउसिंग सोसाइटी का चेयरमैन उस इमारत की देखभाल और मरम्मत के लिए हो। उन्होंने कहा कि कानून अपना काम करेगा और जो नहीं मानेगा, उसे ठिकाने पर लाया जाएगा।
अन्य इलाकों में भी ऐसी ही स्थिति
यह बयान ऐसे समय में आया है, जब बकरीद के मद्देनजर कुर्बानी को लेकर कई रिहायशी सोसायटियों में तनाव की खबरें सामने आ रही हैं। मीरा-भयंदर के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राहुल चौहान ने बताया कि बकरीद से पहले कुर्बानी के लिए बकरियों को परिसर के अंदर लाए जाने पर मीरा रोड स्थित पूनम क्लस्टर सोसाइटी में विवाद खड़ा हो गया था। चौहान ने बताया कि आपत्तियां उठने के बाद एक बैठक में इस मामले पर चर्चा की गई, जिसके बाद नगर निगम ने कुर्बानी के लिए एक अलग स्थान निर्धारित किया। उन्होंने आगे बताया कि निवासियों ने आपसी सहमति से बकरियों को सोसाइटी से निर्धारित स्थान पर स्थानांतरित कर दिया, जिसके बाद स्थिति नियंत्रण में आ गई।गौरतलब है कि पूनम क्लस्टर सोसाइटी में कुछ निवासी कुर्बानी के लिए बकरियों को परिसर में लाए थे। इस पर कुछ अन्य निवासियों ने आपत्ति जताई। इसके विरोध में सोसाइटी में निवासियों के विरोध के बाद हिंसक झड़पें हुईं थीं। इलाके में व्यवस्था बहाल करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।



