न्यू जर्सी में गोलीबारी से गई एक की जान; न्यूयॉर्क में बुजुर्गों पर हमला करने वाला सनकी हमलावर ढेर

अमेरिका के न्यू जर्सी और न्यूयॉर्क में हुई दो अलग-अलग हिंसक घटनाओं ने लोगों को दहशत में डाल दिया है। पहली घटना न्यू जर्सी के यूनियन टाउनशिप की है, जहां एक मशहूर फास्ट-फूड रेस्टोरेंट ‘चिक-फिल-ए’ में शनिवार रात करीब 8:40 बजे अचानक गोलीबारी शुरू हो गई। हमलावर रेस्तरां के अंदर घुसे और काउंटर के पीछे पहुंचकर अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दीं। उस समय रेस्टोरेंट में कई ग्राहक और कर्मचारी मौजूद थे, जिससे वहां भगदड़ मच गई। इस हमले में कम से कम छह लोगों को गोली लगी है। इनमें से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चश्मदीदों ने बताया कि कुछ ही सेकंड में रेस्तरां का माहौल किसी युद्ध के मैदान जैसा हो गया था। पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और यूनियन काउंटी प्रॉसिक्यूटर ऑफिस मामले की जांच कर रहा है। अभी तक हमलावरों की पहचान और हमले की वजह का पता नहीं चल पाया है। दूसरी घटना न्यूयॉर्क के ग्रैंड सेंट्रल स्टेशन की है। शनिवार सुबह करीब 9:50 बजे 44 साल के एंथनी ग्रिफिन ने बिना किसी उकसावे के तीन बुजुर्गों पर धरदार हथियार मचेती (एक बड़ा चाकू) से हमला कर दिया। हमलावर खुद को लुसिफर कह रहा था। इस हमले में एक 85 साल के बुजुर्ग के सिर पर गहरा घाव हुआ, एक 65 साल के व्यक्ति के सिर पर चोट आई और एक 70 साल की महिला के कंधे पर वार किया गया।



