गुजरात-महाराष्ट्र और गोवा समेत कई राज्यों में रेड अलर्ट; हैदराबाद में भी हाल बेहाल

उत्तर-पश्चिम भारत से लौटते मानसून के कारण हो रही भारी बारिश से तबाही मची हुई है। गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान, ओडिशा, महाराष्ट्र से लेकर तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक तक भारी बारिश को लेकर रेड, ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया गया है। तेलंगाना में एक हजार से अधिक लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया गया है। कर्नाटक में स्कूल और कॉलेज बंद करने पड़े हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 29 सितंबर तक गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, गोवा और कोंकण में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट है। पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में गरज और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है और यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम के मिजाज में यह बदलाव बंगाल की खाड़ी में बने दबाव के पश्चिम दिशा की तरफ से बढ़ने के कारण हुआ है। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में भारी बारिश के बाद मुसी नदी में बाढ़ आ गई है। हिमायतसागर और उस्मानसागर जलाशयों के दरवाजे खोलने के बाद नदी उफान पर आ गई, जिससे चादरघाट पुल के पास सड़कें जलमग्न हो गईं और कई घरों में पानी घुस गया। निचले इलाकों से लगभग 1,500 लोगों को निकालकर राहत शिविरों में भेजा गया है। महात्मा गांधी बस स्टेशन में पानी भर जाने के कारण बस सेवाएं बंद करनी पड़ी हैं और यात्रियों को बाहर निकाला गया। मौसम विभाग ने सभी जिलों में बिजली चमकने, आंधी और भारी बारिश की संभावना जताई है। कर्नाटक के कलबुर्गी जिले में भारी बारिश और मौसम विभाग की ऑरेंज अलर्ट चेतावनी के चलते शनिवार को स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई।



