Latest newsSports

सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड ने दर्ज की जीत, दक्षिण अफ्रीका को 40 रनों से हराया

महिला टी20 विश्व कप 2026 का रोमांच अपने चरम पर पहुंच गया है। गुरुवार को लंदन के ऐतिहासिक द ओवल मैदान पर खेले गए टूर्नामेंट के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड की महिला टीम ने दक्षिण अफ्रीका को 40 रनों से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने कप्तान नेट शीवर ब्रंट और हीदर नाइट की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत 20 ओवर में पांच विकेट पर 169 रन बनाए। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम निर्धारित ओवरों में आठ विकेट पर सिर्फ 129 रन ही बना सकी और मुकाबला हार गई। अब इंग्लैंड का सामना पांच जुलाई यानी रविवार को ऑस्ट्रेलिया से खिताबी मुकाबले में होगा। 
शुरुआती झटकों के बाद संभली इंग्लैंड की पारी
टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने महज 35 रन तक अपने तीन प्रमुख विकेट गंवा दिए। एमी जोन्स, डैनी व्याट-हॉज और एलिस कैप्सी सस्ते में पवेलियन लौट गईं। दक्षिण अफ्रीका की तेज गेंदबाज शबनिम इस्माइल और मारिजन काप ने नई गेंद से शानदार गेंदबाजी करते हुए इंग्लैंड पर दबाव बना दिया। हालांकि, इसके बाद कप्तान नेट शीवर-ब्रंट और अनुभवी बल्लेबाज हीदर नाइट ने जिम्मेदारी संभाली। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 133 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी की, जो महिला टी20 विश्व कप के नॉकआउट मुकाबलों में चौथे विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है। चोट से वापसी कर रहीं कप्तान नेट शीवर-ब्रंट ने 35 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। वहीं हीदर नाइट ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया और अंत तक टीम की पारी को संभाले रखा। दक्षिण अफ्रीका ने अंतिम दो ओवरों में वापसी की कोशिश की। एन. म्लाबा ने 19वें ओवर में हीदर नाइट और नेट शीवर-ब्रंट दोनों को आउट कर इंग्लैंड की रनगति पर अंकुश लगाया। इसके बावजूद इंग्लैंड 169 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा करने में सफल रहा।
दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाजी रही बेअसर
170 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत संभली हुई रही, लेकिन टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। कप्तान लॉरा वोल्वार्ड्ट बड़ी पारी नहीं खेल सकीं और लिन्से स्मिथ की गेंद पर आउट हो गईं।ताजमिन ब्रिट्स ने संघर्ष करते हुए अर्धशतक जरूर लगाया, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें कोई बड़ा साथ नहीं मिला। ब्रिट्स के आउट होने के बाद दक्षिण अफ्रीका की जीत की उम्मीदें भी खत्म हो गईं। इंग्लैंड की ओर से लॉरेन बेल और चार्ली डीन ने सबसे प्रभावी गेंदबाजी करते हुए दो-दो विकेट हासिल किए। इसके अलावा इंग्लैंड की फील्डिंग भी शानदार रही और खिलाड़ियों ने कई बेहतरीन कैच लपके। पूरी टीम ने गेंदबाजी और फील्डिंग में अनुशासित प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका को 129/8 के स्कोर पर रोक दिया।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
इंग्लैंड: एमी जोन्स (विकेटकीपर), डैनी व्याट-हॉज, नेट शीवर-ब्रंट (कप्तान), एलिस कैप्सी, हीदर नाइट, फ्रेया केम्प, डेनिएल गिब्सन, चार्ली डीन, सोफी एक्लेस्टोन, लिन्से स्मिथ, लॉरेन बेल
दक्षिण अफ्रीका: एल. वोल्वार्ड्ट (कप्तान), ताजमिन ब्रिट्स, एनेरी डर्कसन, सुने लुस, मारिजन काप, नादिन डी क्लार्क, क्लो ट्रायॉन, सिनालो जाफ्ता (विकेटकीपर), शबनीम इस्माइल, अयाबोंगा खाका, एन. म्लाबा।

Related Articles

Back to top button