Latest newsSports
‘रोहित-कोहली को विदाई नहीं मिलना आश्चर्यजनक था’, Ro-Ko को लेकर छलका रवि बिश्नोई का दर्द; दिया ये बयान

भारतीय टीम के लेग स्पिनर रवि बिश्नोई ने कहा कि वह विराट कोहली और रोहित शर्मा को मैदान पर अपना क्रिकेट करियर समाप्त करते और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से शानदार विदाई लेते देखना पसंद करते। रोहित और कोहली ने चैंपियंस ट्रॉफी जीतने के कुछ दिनों बाद टेस्ट प्रारूप को अलविदा कह दिया था। इससे पहले दोनों ने 2024 टी20 विश्व कप के बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय से भी संन्यास लिया था। रोहित और कोहली ने चैंपियंस ट्रॉफी से पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी बार टेस्ट सीरीज में हिस्सा लिया था। बिश्नोई का मानना है कि इन दिग्गजों द्वारा दिया गया योगदान अद्वितीय है और उनकी अनुपस्थिति ने एक शून्य छोड़ दिया है जिसे भरा जाना आवश्यक है। बिश्नोई ने एक पॉडकास्ट में कहा, यह वाकई चौंकाने वाला है, क्योंकि आप हमेशा उन्हें मैदान से संन्यास लेते देखना चाहते थे। इतने बड़े दिग्गजों के लिए, आप चाहते हैं कि वे मैदान पर रहते हुए ही संन्यास ले लें, यह ज्यादा बेहतर लगता है और इन दोनों ने भारत के लिए जो किया है, मेरे हिसाब से उसके आस-पास भी कोई नहीं है।



