तमिल में अपने इस नाम से चौंके संगीतकार एआर रहमान, बोले- ‘क्या मैं मीट की दुकान चला रहा हूं?’

मशहूर संगतीकार एआर रहमान को देशभर में लोग अलग-अलग नामों ने पुकारते हैं और उन्हें खूब प्यार देते हैं। अभी हाल ही में वो अपना तमिल में नया नाम सुनकर चौंक गए। साथ ही जवाब देते हुए कहा कि उन्हें ये बिल्कुल पंसद नहीं है, क्या वह मीट की दुकान चला रहे हैं? आइए जानते हैं किस नाम पर भड़के एआर रहमान। हाल ही में संगीतकार एआर रहमान बिहाइंडवुड्स के साथ एक इंटरव्यू में शामिल हुए। बातचीत के दौरान रहमान को पता चला कि उनको तमिल में लोग ‘पेरिया भाई’ नाम से पुकारते हैं। जब इंटरव्यू में उनका नाम लिया गया तो वह चौंक गए और हंस पड़े। इसके बाद उन्होंने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘मुझे यह पसंद नहीं है। यह ‘पेरिया भाई’, ‘चिन्ना भाई’ क्या है? क्या मैं मीट की दुकान चला रहा हूं?’
ठग लाइफ के प्रमोशन में व्यस्त रहमान
एआर रहमान इस वक्त कमल हासन अभिनीत ‘ठग लाइफ’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं, जो 05 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का निर्देशन मणिरत्नम द्वारा किया गया है और इसमें एआर रहमान बतौर म्यूजिक डायरेक्टर नजर आ रहे हैं। इस फिल्म का ट्रेलर हाल ही में रिलीज किया गया है, अब दर्शकों को फिल्म का इंतजार है। इसमें कमल हासन के अलावा सिलंबरासन और तृषा कृष्णन मुख्य भूमिका में हैं। एआर रहमान ने ‘ठग लाइफ’ से ‘जिंगुचा’ गाना रिलीज किया, जो कई स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर छाया हुआ है। तृषा कृष्णन के साथ फिल्म का दूसरा गाना ‘शुगर बेबी’ 21 मई को रिलीज होगा। इसके अलावा ‘ठग लाइफ’ की पूरी टीम एक पैन इंडिया कार्यक्रम आयोजित करने वाली है, जिसमें 24 मई को चेन्नर्ई के साईं राम इंजीनियरिंग कॉलेज में ऑडियो लॉन्च किया जाएगा। इस लॉन्च को भारत-पाक तनाव के चलते टाल दिया गया था।



