Latest newsWorld news

हसीना की भतीजी के यूनुस से मुलाकात के अनुरोध पर बांग्लादेश की सफाई, कहा- हमें कोई पत्र नहीं मिला

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की भतीजी और ब्रिटेन की पूर्व मंत्री ट्यूलिप सिद्दीकी की अंतरिम सलाहकार मोहम्मद युनूस से मुलाकात के अनुरोध पर उनके कार्यालय ने सफाई दी है। मोहम्मद यूनुस के कार्यालय के प्रेस सचिव शफीकुल आलम ने कहा कि हमें अभी तक कोई पत्र नहीं मिला है।
प्रेस सचिव ने कहा कि हम पांच जून से ईद-उल-अजहा की छुट्टी पर हैं। हम सोमवार को शाम 7:30 बजे यूनाइटेड किंगडम के लिए रवाना होंगे। चूंकि हमें अभी तक पत्र नहीं मिला है, इसलिए इस मामले पर कुछ नहीं कह सकते। यूनुस 10-13 जून तक ब्रिटेन की अपनी चार दिवसीय यात्रा के दौरान किंग चार्ल्स और डाउनिंग स्ट्रीट में कीर स्टार्मर से मिलेंगे। ब्रिटिश सांसद ट्यूलिप सिद्दीकी ने चार जून को पत्र लिखकर अपने खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों पर गलतफहमी को दूर करने के लिए लंदन में यूनुस के साथ बैठक करने की मांग की है। सिद्दीकी ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि बैठक से ढाका में भ्रष्टाचार विरोधी समिति द्वारा फैलाई गई गलतफहमी दूर करने में मदद मिलेगी कि मुझे अपनी मौसी और बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के बारे में जवाब देने हैं।

मेरा बांग्लादेश में कोई हित नहीं
मैं ब्रिटेन की नागरिक हूं, लंदन में जन्मी हूं और पिछले एक दशक से संसद में हैम्पस्टेड और हाईगेट के लोगों का प्रतिनिधित्व कर रही हूं। बांग्लादेश में मेरी कोई संपत्ति या कोई व्यावसायिक हित नहीं है। सिद्दीकी ने कहा कि मैंने एसीसी से इस बारे में स्पष्टीकरण मांगा है, लेकिन उन्होंने लंदन में मेरे वकीलों से बात करने से इनकार कर दिया है और जाहिर तौर पर ढाका में गलत पते पर पत्राचार किया जा रहा है। वहीं बांग्लादेश की भ्रष्टाचार विरोधी समिति (एसीसी) ने दावा किया कि हसीना की भतीजी सिद्दीकी या उनकी मां ने सत्ता और प्रभाव का दुरुपयोग करके 7,200 वर्ग फुट का भूखंड प्राप्त किया। जबकि सिद्दीकी ने आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने आरोपों को राजनीति से प्रेरित और निराधार बताया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि किसी भी आरोप के संबंध में अधिकारियों ने उनसे संपर्क नहीं किया।

मुझे कोई वारंट नहीं मिला
सिद्दीकी ने दावा किया कि हसीना के विरोधियों द्वारा चलाए जा रहे राजनीति से प्रेरित अभियान के तहत उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। पिछले महीने बांग्लादेश में सिद्दीकी की गिरफ्तारी का वारंट जारी किया गया था। सिद्दीकी का दावा है कि उन्हें ऐसे किसी वारंट या अदालती सुनवाई की कोई जानकारी नहीं है।

Related Articles

Back to top button