Latest newsSports
‘IPL के बाद राहुल ने हर मिनट इंग्लैंड सीरीज की तैयारी में बिताया’, अभिषेक नायर ने की ओपनर की तारीफ

भारत के पूर्व सहायक कोच अभिषेक नायर ने रविवार को कहा कि लोकेश राहुल ने अपने आखिरी आईपीएल मैच के बाद हर मिनट इंग्लैंड दौरे की तैयारी में बिताया है और टीम के लिए सभी क्रम पर खेलने से मिलने वाली प्रशंसा के वह हकदार हैं। राहुल पांच टेस्ट मैच की सीरीज में भारत के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे। उन्होंने दो शतक और दो अर्धशतक की मदद से 53.20 की औसत से 532 रन बनाए और यशस्वी जायसवाल के साथ एक मजबूत सलामी जोड़ी बनाई। कुछ समय पहले तक भारत के सहायक कोच के रूप में काम करने वाले नायर ने कहा कि वह राहुल द्वारा किए गए बदलावों का खुलासा नहीं कर सकते, लेकिन वह वांछित परिणाम देखकर खुश हैं। महिला प्रीमियर लीग टीम यूपी वॉरियर्स के मुख्य कोच नायर ने कहा, ‘मैं लोकेश राहुल में देखे गए बदलावों के बारे में बात नहीं कर सकता क्योंकि इससे उनका प्रभाव काफी कम हो जाएगा।’

उन्होंने कहा, ‘मैं बस इतना कह सकता हूं कि जो भी बदलाव हुए हैं, वे वाकई कारगर रहे हैं।’ नायर ने कहा कि राहुल ने आईपीएल के बाद इंग्लैंड दौरे की तैयारी शुरू करने में कोई समय बर्बाद नहीं किया। उन्होंने कहा, ‘उन्होंने बहुत, बहुत कड़ी मेहनत की है। बहुत कम लोग जानते हैं कि अपने बच्चे के जन्म के बाद वह आईपीएल में खेले। वह तुरंत टीम से जुड़ गए।’ नायर ने कहा, ‘राहुल ने (इंग्लैंड) टेस्ट सीरीज की तैयारी शुरू कर दी थी, जबकि बहुत से लोग ऐसा नहीं करते। वह इस सीरीज के महत्व को जानते थे, वह इसे समझते थे।’ उन्होंने आगे कहा, ‘आईपीएल में खेले गए आखिरी मैच के बाद हर मिनट यही सोच रहे थे कि वह इस टेस्ट सीरीज में कैसे अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं। इसलिए उन्हें वहां अच्छा प्रदर्शन करते और वह मिलते देखना बहुत अच्छा है जिसके वह हकदार हैं। उन्होंने सभी मुश्किल काम किए हैं और फिर भी बल्लेबाजी क्रम में हर क्रम पर अच्छा प्रदर्शन करने में कामयाब रहे हैं।’ नायर ने पांचवें टेस्ट के बारे में बात करते हुए कहा, ‘कुल मिलाकर भारतीय क्रिकेट अच्छे हाथों में है।’



