India newsLatest news

पीएम बोले- यह जीत हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण; देश भर से लगा बधाइयों का तांता

देश की बेटियों ने आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप में इतिहास रच दिया है। पहली बार भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने विश्न कप का खिताब अपने नाम किया है। फाइनल मुकाबले में हरमन ब्रिगेड ने साउथ अफ्रीका को 52 रनों से हराकर आईसीसी वनडे विश्न कप पर कब्जा जमाया है। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 298 रन बनाए और जवाब में दक्षिण अफ्रीका को 246 रन पर समेट दिया। देश की बेटियों की इस ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस ऐतिहासिक जीत पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम को बधाई देते हुए एक्स हैंडल पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, ‘भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सभी सदस्यों को ICC महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 जीतने पर मेरी हार्दिक बधाई! उन्होंने पहली बार जीत हासिल करके इतिहास रच दिया है। वे अच्छा खेल रही हैं और आज उन्हें अपनी प्रतिभा और प्रदर्शन के अनुरूप परिणाम मिला है। यह निर्णायक क्षण महिला क्रिकेट को और भी ऊंचाइयों पर ले जाएगा। जिस तरह से लड़कियों ने भारत को गौरवान्वित किया है, मैं उनकी प्रशंसा करती हूं।’

पीएम मोदी ने दी जीत की बधाई
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को भारतीय महिला क्रिकेट टीम को आईसीसी महिला विश्व कप 2025 जीतने पर हार्दिक बधाई दी। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 के फाइनल में भारतीय टीम की शानदार जीत। फाइनल में उनका प्रदर्शन अद्भुत कौशल और आत्मविश्वास से भरा था। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में असाधारण टीम वर्क और दृढ़ता दिखाई। हमारी खिलाड़ियों को बधाई। यह ऐतिहासिक जीत भविष्य के चैंपियन खिलाड़ियों को खेलों में शामिल होने के लिए प्रेरित करेगी।’ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पोस्ट में लिखा, “विश्व विजेता टीम इंडिया को सलाम! यह राष्ट्र के लिए गर्व का क्षण है, जब हमारी टीम ने आईसीसी महिला विश्व कप 2025 अपने नाम किया है, जिससे भारत का गौरव नई ऊंचाइयों पर पहुंचा है। आपकी शानदार क्रिकेट प्रतिभा ने लाखों लड़कियों के लिए प्रेरणा का मार्ग प्रशस्त किया है। पूरी टीम को हार्दिक बधाई!” इस जीत के साथ भारत ने महिला क्रिकेट के इतिहास में स्वर्ण अध्याय जोड़ दिया है। पूरे देश में जश्न का माहौल है और खेल जगत से लेकर आम नागरिक तक, सभी टीम इंडिया की इस उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहे हैं। केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने भारतीय टीम को बधाई देते हुए एक्स पोस्ट में लिखा, “इतिहास रच दिया! हमारी ‘वूमेन इन ब्लू’ का क्या शानदार प्रदर्शन रहा है। 140 करोड़ भारतीय इस गर्व के पल का जश्न मना रहे हैं। विश्व चैंपियंस को हार्दिक बधाई!”

 

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी टीम को बधाई देते हुए कहा कि महिला क्रिकेटरों ने पूरे देश का दिल जीत लिया है। उन्होंने एक्स पर कहा कि ICC महिला विश्व कप 2025 जीतने पर टीम इंडिया को बधाई! साहस, कौशल और विश्वास का अद्भुत प्रदर्शन। आपने सिर्फ़ एक ट्रॉफी ही नहीं जीती, बल्कि पूरे देश का दिल जीत लिया। हर भारतीय को आप पर गर्व है! ‘सारे जहां से अच्छा हिंदुस्तां हमारा’। भारतीय क्रिकेट और खेलों में महिलाओं के लिए एक सुनहरा पल!” पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी महिला क्रिकेट टीम को विश्वकप की ऐतिहासिक जीत पर बधाई दी। उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘आज, पूरा देश विश्व कप फ़ाइनल में अपनी महिला टीम की उपलब्धि पर बेहद गर्व महसूस कर रहा है। उन्होंने जो संघर्ष दिखाया और पूरे टूर्नामेंट में जिस तरह के नियंत्रण का प्रदर्शन किया, वह युवा लड़कियों के लिए प्रेरणा बनेगा। आपने साबित कर दिया है कि आप शीर्ष स्तर पर एक विश्वस्तरीय टीम हैं और आपने हमें कुछ बेहतरीन पल दिए हैं। आप हमारी हीरो हैं। भविष्य में और भी बड़ी जीतें आपका इंतज़ार कर रही हैं। हम आपके साथ हैं!’

भारत ने 52 साल बाद ऐसे जीता विश्व कप
बता दें कि महाराष्ट्र के नवी मुंबई में खेले गए विश्वकप फाइनल मैच में भारत की महिला टीम द. अफ्रीका को 52 रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 50 ओवर में सात विकेट पर 298 रन बनाए थे। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 246 रन पर सिमट गई। दीप्ति शर्मा ने पांच विकेट लेकर मैच पलट दिया। दक्षिण अफ्रीका की कप्तान एल वोल्वार्ट की 101 रन की पारी बेकार गई। 52 साल के महिला वनडे विश्व कप के इतिहास में यह भारत का पहला वनडे विश्व कप का खिताब है। पहला महिला वनडे विश्व कप 1973 में खेला गया था।

Related Articles

Back to top button