India newsLatest news

भारत की तारीफ और पीएम मोदी का जताया आभार, शेख हसीना ने भारत को क्यों बताया सच्चा मित्र?

बांग्लादेश की अपदस्थ पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने भारत को हमेशा अच्छा मित्र बताया है। उन्होंने कहा कि अपने देश लौटने का फैसला पूरी तरह निजी है और इसके लिए भारत सरकार से कोई चर्चा नहीं हुई है। वहीं उनके बेटे सजीब वाजेद जॉय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत सरकार का धन्यवाद देते हुए कहा कि भारत ने उनकी मां के साथ पूरा सम्मानजनक व्यवहार किया है। हसीना ने एक बार फिर दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की इच्छा जताई है, हालांकि उन्होंने कोई तय तारीख नहीं बताई। शेख हसीना ने दिल्ली में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान कहा कि वह अपने देश और अपने लोगों के बीच वापस जाना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि यह किसी सरकार का नहीं बल्कि उनका व्यक्तिगत फैसला है। हसीना इस समय भारत में रह रही हैं। वह वर्ष 2024 में बांग्लादेश में हुए छात्र आंदोलन के बाद देश छोड़कर भारत आई थीं। बाद में उन्हें मानवता के खिलाफ कथित अपराधों के मामले में अनुपस्थिति में सजा सुनाई गई थी।

क्या बोलीं शेख हसीना और क्यों दोहराई घर लौटने की बात?

शेख हसीना ने कहा कि बांग्लादेश के मुक्ति संग्राम और आजादी से जुड़े कई प्रतीकों को नष्ट कर दिया गया है और वह उन्हें फिर से सम्मान दिलाना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि वह लोकतांत्रिक और धर्मनिरपेक्ष व्यवस्था में विश्वास करती हैं और इसी वजह से अपने देश लौटना चाहती हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 1981 में भी जब वह बांग्लादेश लौटी थीं तब उन्हें रोकने की कोशिश हुई थी। बाद में उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था। उन्होंने कहा कि इस बार भी जान का खतरा है, लेकिन इसके बावजूद वह वापस जाएंगी क्योंकि उन्हें अपने देश के लोगों का साथ चाहिए।

सजीब वाजेद जॉय ने भारत और प्रधानमंत्री मोदी के बारे में क्या कहा?

अमेरिका से ऑनलाइन जुड़े शेख हसीना के बेटे और उनके पूर्व सलाहकार सजीब वाजेद जॉय ने कहा कि उनकी मां की भारत में अच्छी देखभाल हो रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत सरकार का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनकी मां को पूरा सम्मान दिया गया है और इसके लिए वह हमेशा आभारी रहेंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शेख हसीना की बांग्लादेश वापसी को लेकर ढाका की मौजूदा सरकार से कोई बातचीत नहीं हुई है। उनके अनुसार, हसीना अपनी इच्छा से लौटने का फैसला कर रही हैं। सजीब वाजेद जॉय ने दावा किया कि बांग्लादेश की स्थिति बदल गई है और वहां विदेशी खुफिया एजेंसियों, जिनमें आईएसआई का भी नाम लिया गया, का प्रभाव बढ़ा है। उन्होंने यह भी कहा कि यह भारत के पूर्वी मोर्चे के लिए चिंता का विषय हो सकता है। अमेरिका और बांग्लादेश के बीच बढ़ते संपर्क पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में अमेरिका का मुख्य ध्यान व्यापार बढ़ाने पर है। उन्होंने यह भी कहा कि अलग-अलग सरकारों के आने से विदेश नीति बदलती रहती है और भविष्य में हालात भी बदल सकते हैं।

Related Articles

Back to top button