Latest newsSports

‘हमें दूधिया रोशनी में ट्रेनिंग करने नहीं दिया गया’, नामीबियाई कप्तान ने उठाए सवाल

नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरैसमस ने बुधवार को आयोजकों पर तंज कसा कि उन्हें भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप मैच से पहले रात में दूधिया रोशनी में ट्रेनिंग नहीं करने दी। नामीबिया ने सोमवार को नीदरलैंड्स के खिलाफ दिन का मैच खेला था और अगले दो दिन उनके दोनों ट्रेनिंग सत्र केवल दिन में रखे गए। इसके विपरीत भारत ने मैच से पहले दो बार रात में अभ्यास किया। नामीबिया के पास स्वदेश में दिन-रात्रि मैच के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचा नहीं है तो वे भारत के खिलाफ बृहस्पतिवार को होने वाले मैच से पहले दूधिया रोशनी में कुछ अभ्यास करना पसंद करते। इरैसमस ने कहा, ‘हां, हमें इस मैच से पहले रात का ट्रेनिंग सत्र नहीं दिया गया, मुझे नहीं पता क्यों। भारत को शायद दो रात के सत्र दिए गए और अब बाहर देख रहा हूं कि कनाडा को अब रात का ट्रेनिंग सत्र मिलेगा। आप इसका मतलब जो समझें, लेकिन हम अपनी नामीबियाई शैली में आएंगे जो चुनौती से लड़ना है।’ कनाडा शुक्रवार को संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ दोपहर का मैच खेलेगा। उसने फिरोजशाह कोटला मैदान में भारतीय टीम के साथ अभ्यास किया। इरैसमस ने कहा, ‘हमारे पास दिन रात्रि मैच के लिए नामीबिया में दूधिया रोशनी नहीं है। बुनियादी ढांचे के हिसाब से यह हमारे लिए चुनौती है। उन खिलाड़ियों के लिए जिनके पास अनुभव नहीं है, उनके लिए यह आम बात नहीं है।’ उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि नेपाल प्रीमियर लीग, आईएलटी20 और हमने जो विश्व कप खेले हैं, उन्हें छोड़कर ज्यादातर खिलाड़ी दूधिया रोशनी के नीचे ट्रेनिंग करने के अभ्यस्त नहीं होते।’ नामीबिया अपने पहले मैच नीदरलैंड्स के खिलाफ हार गया था। और अब बचे हुए लीग मैच अमेरिका और पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगा। ये दोनों मैच दोपहर तीन बजे शुरू होंगे।

Related Articles

Back to top button