प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को राष्ट्रमंडल के अध्यक्षों और पीठासीन अधिकारियों के 28वें सम्मेलन (सीएसपीओसी) का उद्घाटन करेंगे। यह संसद भवन परिसर स्थित संविधान सदन के केंद्रीय हॉल में आयोजित होगा। वे इस अवसर पर सभा को संबोधित भी करेंगे।
ओम बिरला की अध्यक्षता में होगा सम्मेलन
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की अध्यक्षता में होने वाले इस सम्मेलन में दुनिया के विभिन्न हिस्सों से 42 राष्ट्रमंडल देशों और चार अर्ध-स्वायत्त संसदों के 61 अध्यक्ष और पीठासीन अधिकारी भाग लेंगे। इसमें समकालीन संसदीय मुद्दों की एक विस्तृत श्रृंखला पर विचार-विमर्श किया जाएगा, जिसमें मजबूत लोकतांत्रिक संस्थानों को बनाए रखने में अध्यक्षों और पीठासीन अधिकारियों की भूमिका भी शामिल है। सम्मेलन में संसदीय कामकाज में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के उपयोग, सांसदों पर सोशल मीडिया के प्रभाव, संसद की सार्वजनिक समझ को बढ़ाने के लिए अभिनव रणनीतियों और मतदान से परे नागरिक भागीदारी आदि पर भी चर्चा की जाएगी।