India newsLatest news

‘विकसित भारत के लिए क्विज में लें हिस्सा’, पीएम बोले- युवाओं के लिए नेतृत्व क्षमता दिखाने का एक अवसर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं से देश के भविष्य को दिशा देने वाले अभियान में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2026’ से पहले विकसित भारत क्विज प्रतियोगिता में युवाओं से भाग लेने को कहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह क्विज देश के युवाओं के लिए राष्ट्र निर्माण में योगदान देने और नेतृत्व क्षमता दिखाने का एक बड़ा अवसर है। विकसित भारत क्विज 2026 का आयोजन युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय द्वारा माय भारत पोर्टल के माध्यम से किया जा रहा है। यह क्विज भारत की दृष्टि, विकास यात्रा और ‘विकसित भारत@2047’ के विजन पर आधारित है। विजेता प्रतिभागी आगे निबंध और प्रस्तुति दौर तक पहुंचेंगे, जहां उन्हें अपने विचार और सुझाव साझा करने का मौका मिलेगा। मंत्रालय ने प्रतियोगिता में भाग लेने की अंतिम तिथि 31 अक्तूबर 2025 तक बढ़ा दी है। अब तक 20 लाख से अधिक युवा इसमें हिस्सा ले चुके हैं।
पीएम मोदी की अपील और संदेश
प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर प्रतियोगिता का लिंक साझा करते हुए लिखा। विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2.0 हमारे युवाओं के लिए राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का सुनहरा अवसर है। हमारे युवाओं के विचार और दृष्टिकोण विकसित भारत के निर्माण की दिशा दिखा सकते हैं। इस संवाद में भाग लेने का पहला कदम है इस विशेष क्विज प्रतियोगिता में हिस्सा लेना। मैं सभी युवाओं से आग्रह करता हूं कि इसमें अवश्य भाग लें। माय भारत वेबसाइट के अनुसार, यह क्विज 12 भाषाओं में आयोजित की जा रही है। इसमें भारत के सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक और विकास संबंधी पहलुओं पर सवाल पूछे जाते हैं। इसका उद्देश्य युवाओं में जिज्ञासा बढ़ाना, सूझ-बूझ से सहभागिता प्रोत्साहित करना और हर राज्य व केंद्र शासित प्रदेश से प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करना है।
15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा, जो एक सितंबर 2025 तक इस आयु सीमा में आते हैं, नि:शुल्क इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकते हैं। यह क्विज एक सितंबर से शुरू हुई थी और इसमें भाग लेने की अंतिम तारीख 31 अक्तूबर 2025 तय की गई है।
आयोजन और पीएम मोदी का विजन
विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2.0 का आयोजन 10 से 12 जनवरी 2026 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में किया जाएगा। इसका पहला संस्करण जनवरी 2025 में आयोजित हुआ था, जहां प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं से बड़े लक्ष्य तय करने और उन्हें हासिल करने के लिए सक्रिय रूप से योगदान देने का आह्वान किया था। उन्होंने कहा था कि विकसित भारत का स्वामित्व सिर्फ सरकार का नहीं बल्कि हर नागरिक का है। मोदी ने उस कार्यक्रम में कहा था कि देश का हर युवा अपने विचारों और प्रयासों से विकसित भारत के सपने को साकार कर सकता है। मुझे गर्व है कि भारत का युवा इतना बुद्धिमान और ऊर्जावान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं से ‘विकसित भारत क्विज 2026’ में भाग लेने की अपील की है। यह क्विज ‘माय भारत पोर्टल’ पर 31 अक्तूबर तक खुली रहेगी और इसके विजेता ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2.0’ में हिस्सा लेंगे। अब तक 20 लाख युवा शामिल हो चुके हैं। क्विज का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्र निर्माण की भावना जगाना और विकसित भारत@2047 के विजन को आगे बढ़ाना है।

Related Articles

Back to top button