Latest newsMumbai news

मुंबई हवाई अड्डे पर महिला लेकर पहुंची 47 करोड़ को कोकीन, डीआरआई ने पांच लोगों को किया गिरफ्तार

वित्त मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि डीआरआई अधिकारियों ने कोलंबो से मुंबई पहुंची एक महिला यात्री से लगभग 4.7 किलोग्राम कोकीन जब्त की। जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 47 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस मामले में हवाई अड्डे से पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बयान में कहा गया है कि डीआरआई अधिकारियों ने महिला यात्री को आगमन के तुरंत बाद रोका और उसके सामान की विस्तृत जांच की। जांच के दौरान कॉफी पैकेटों में छिपाए गए नौ पाउच मिले, जिनमें सफेद पाउडर जैसा पदार्थ था। एनडीपीएस फील्ड किट से की गई प्रारंभिक जांच में यह पदार्थ कोकीन पाया गया। डीआरआई की यह कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क को एक बड़ी चोट है। डीआरआई ने इस सिंडिकेट से जुड़े चार और लोगों को भी गिरफ्तार किया। इनमें एक व्यक्ति वह था जो हवाई अड्डे पर माल लेने आया था, जबकि बाकी तीन लोग तस्करी किए गए नशीले पदार्थों की फाइनेंसिंग, लॉजिस्टिक्स और वितरण नेटवर्क से जुड़े थे। बयान में कहा गया कि सभी पांचों आरोपियों को नारकोटिक ड्रग्स एंड सायकोट्रॉपिक सब्सटैंसेस (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया है। मंत्रालय ने आगे कहा, डीआरआई द्वारा हाल में की गई कुछ बरामदगियों से एक चिंताजनक रुझान सामने आया है, जिसमें अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह भारतीय महिलाओं का उपयोग कोरियर के रूप में बढ़ा रहे हैं, और नशीले पदार्थों को खाद्य पदार्थों या रोजमर्रा की वस्तुओं में छिपाकर तस्करी कर रहे हैं ताकि पकड़े जाने से बच सकें।

Related Articles

Back to top button