Latest newsSports
प्लेऑफ से पहले RCB का जोश हाई, इस तेज गेंदबाज की टीम में हुई एंट्री, LSG के खिलाफ खेलते दिख सकते हैं

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का आईपीएल प्लेऑफ से पहले जोश हाई हो गया है। दरअसल, ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड टीम के आखिरी लीग मैच से दो दिन पहले यानी मंगलवार को टीम में शामिल हो गए हैं। भारत-पाकिस्तान सैन्य संघर्ष के मद्देनजर आईपीएल के निलंबन के कारण एक सप्ताह के ब्रेक के दौरान हेजलवुड स्वदेश लौट आए थे। तब वह कंधे की चोट से भी जूझ रहे थे। हालांकि, हेजलवुड अब उस चोट से उबर चुके हैं। 34 वर्षीय हेजलवुड ने रविवार को आरसीबी द्वारा पोस्ट किए गए एक वीडियो में कहा, ‘वापस आना निश्चित रूप से बहुत अच्छा है। घर पर कुछ हफ्ते बिताने का मैंने भरपूर आनंद लिया। इसके बाद मैं ब्रिस्बेन गया और काफी ओवर गेंदबाजी की। सब कुछ अच्छा रहा है। उम्मीद है कि मैं फिर से अच्छी गेंदबाजी कर पाऊंगा। अब मैं अभ्यास भी शुरू करूंगा।’ हेजलवुड अगले महीने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिए ऑस्ट्रेलिया की तैयारियों के तहत ब्रिसबेन में प्रशिक्षण ले रहे थे और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की मेडिकल टीम उनकी निगरानी कर रही थी।

आरसीबी कैंप भी हेजलवुड की प्रगति पर बारीकी से नजर रख रहा था। वह इस आईपीएल में 10 मैचों में 18 विकेट लेकर आरसीबी के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज रहे हैं और फिलहाल प्रतियोगिता में चौथे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। पहले ही प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर चुकी आरसीबी मंगलवार को अपने आखिरी आईपीएल लीग मैच में लखनऊ सुपर जाएंट्स से भिड़ेगी। हेजलवुड इस मैच में खेलते दिख सकते हैं, क्योंकि आरसीबी के लिए यह मैच महत्वपूर्ण है। इस मैच में हार से उनके शीर्ष दो में रहने का सपना टूट सकता है। आरसीबी अपने पिछले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद से 42 रनों से हारने के बाद शीर्ष दो में जगह बनाने के लिए अन्य परिणामों पर निर्भर है। सोमवार को मुंबई इंडियंस पर पंजाब की मामूली अंतर से जीत आरसीबी को बनाए रखेगी, लेकिन लखनऊ से हारने की स्थिति में रजत पाटीदार की अगुआई वाली टीम को फिर से एलिमिनेटर से गुजरना होगा।



