ट्रैफिक जाम पर मंत्री को अपशब्द कहना महिला को पड़ा महंगा, वर्ली थाने में केस दर्ज

महिला आरक्षण से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक को लेकर मुंबई में भाजपा की रैली के कारण यातायात जाम होने पर महाराष्ट्र के मंत्री गिरीश महाजन को भला-बुरा कहने वाली महिला के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने बताया कि यह शिकायत बुधवार को वर्ली थाने में अधिवक्ता गुणरत्न सदावर्ते की बेटी जेन सदावर्ते ने दर्ज कराई। यह घटना मंगलवार को वर्ली के पॉश इलाके में भाजपा द्वारा आयोजित एक रैली के दौरान हुई। यह रैली लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण को शीघ्र लागू करने संबंधी संविधान संशोधन विधेयक के पारित नहीं होने पर विपक्षी दलों को निशाना बनाने के लिए आयोजित की गई थी। रैली के दौरान मंगलवार को जब महाराष्ट्र के मंत्री गिरीश महाजन पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे, तभी एक नाराज महिला ने उनसे बहस करते हुए सड़क जाम करने और यात्रियों को असुविधा पहुंचाने पर कड़ी आपत्ति जताई।



