टीएमसी की मतदाता सूची में घुसपैठियों को शामिल करने की साजिश, बेरोजगार स्थानीय कर रहे पलायन: देवेंद्र फडणवीस

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर मतदाता सूची में घुसपैठियों के नाम शामिल करने की साजिश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि टीएमसी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभ्यास का विरोध कर रही है, जबकि “सही कारणों” से नाम हटाए गए लोगों ने कोई विरोध नहीं किया। फडणवीस ने कोलकाता में एक प्रेस वार्त में ये बाते कही। फडणवीस ने कहा, जिनके नाम सही कारणों से हटाए गए, उन्होंने विरोध नहीं किया। केवल टीएमसी को ही समस्या क्यों है? उन्होंने बताया कि उच्चतम न्यायालय ने एसआईआर पर कुछ टिप्पणियां की थीं, लेकिन इसे रोका नहीं था, फिर भी टीएमसी इस प्रक्रिया को पूरी तरह रोकना चाहती थी। उन्होंने कहा कि मृत, स्थानांतरित और अनधिकृत मतदाताओं के नाम हटाने के लिए हर दस साल में ऐसी प्रक्रिया की जानी चाहिए। टीएमसी के भाजपा शासित राज्यों में बंगाली भाषी प्रवासियों पर हमलों के आरोपों का जवाब देते हुए, फडणवीस ने इन दावों का खंडन किया।



