रजत पाटीदार सबसे कम गेंदों पर आईपीएल में 100 छक्के पूरे करने वाले भारतीय, गेल को भी छोड़ दिया पीछे

गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के कप्तान रजत पाटीदार ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेले गए मुकाबले में बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। पाटीदार आईपीएल में सबसे कम गेंदों पर 100 छक्के पूरे करने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। पाटीदार ने हैदराबाद के खिलाफ कप्तानी पारी खेली और कीर्तिमान अपने नाम किया। हालांकि, पाटीदार की ये पारी भी टीम को जीत नहीं दिला सकी। पाटीदार ने हैदराबाद के खिलाफ 39 गेंदों पर छह चौकों और एक छक्के की मदद से 56 रन बनाए। आईपीएल में सबसे कम गेंदों पर 100 छक्के पूरे करने का रिकॉर्ड आंद्रे रसेल के नाम है। रसेल ने 657 गेंदों पर ऐसा किया था। वहीं, दूसरे नंबर पर निकोलस पूरन हैं जिन्होंने 100 छक्के पूरे करने के लिए 884 गेंदें ली। तीसरे नंबर पर पाटीदार का नाम आता है जिन्होंने यह उपलब्धि 933 गेंदों पर ही पूरी कर ली। इस सूची में पाटीदार से नीचे क्रिस गेल, सुनील नरेन और शिवम दुबे हैं जिन्होंने क्रमश: 943, 950 और 992 गेंदों पर आईपीएल में 100 छक्के पूरे किए हैं।



