महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक सनसनीखेज हत्या मामले का पुलिस ने अनोखे तरीके से खुलासा किया है। इस केस को सुलझाने में पुलिस डॉग ‘बेली’ की अहम भूमिका रही, जिसकी मदद से एक शातिर आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, डॉग स्क्वॉड के कुत्ते ‘बेली’ ने घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर जांच टीम को खडावली रेलवे स्टेशन तक पहुंचाया। यहीं से पुलिस को केस की कड़ी जोड़ने में सफलता मिली और जांच आगे बढ़ाई गई।
CCTV से मिला सुराग, मुंबई से गिरफ्तारी
जांच के दौरान पुलिस ने खडावली से लेकर मुंबई तक करीब 100-150 सीसीटीवी फुटेज खंगाले और 80 से अधिक लापता लोगों के रिकॉर्ड की जांच की। इसके बाद पुलिस की नजर आरोपी योगेश एकनाथ राणे पर गई, जो भीड़भाड़ वाले इलाकों में अपनी पहचान छिपाने के लिए बार-बार रास्ता बदलता था। आखिरकार पुलिस ने आरोपी को लोअर परेल इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी एक सीरियल अपराधी है और उसके खिलाफ पहले भी हत्या और हत्या के प्रयास जैसे मामले दर्ज हैं।
दोस्ती बनी दुश्मनी की वजह
जांच में सामने आया कि मृतक राजेश प्रभुलकर और आरोपी आपस में दोस्त थे और एक कैटरिंग एजेंसी में साथ काम करते थे। 20 अप्रैल को दोनों भातसा नदीपर नहाने गए थे, जहां पैसों के विवाद में झगड़ा हुआ। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर पत्थर से वार कर अपने दोस्त की हत्या कर दी। 21 अप्रैल को भातसा नदी के पास एक व्यक्ति का शव मिला था, जिसका चेहरा और सिर बुरी तरह कुचला हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था।