कोच बदानी और कप्तान अक्षर ने साधा निशाना; कहा- उनसे बेहतर की चाह थी

चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ आठ विकेट की हार के बाद दिल्ली कैपिटल्स में बेचैनी साफ दिखाई दी। टीम के कोच हेमंग बदानी और कप्तान अक्षर पटेल ने मैच के बाद ऐसे बयान दिए, जिससे यह साफ हो गया कि स्टार स्पिनर कुलदीप यादव का मौजूदा फॉर्म टीम के लिए बड़ी चिंता बन चुका है। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में कुलदीप यादव तीन ओवर में 34 रन देकर कोई विकेट नहीं ले सके। जिस पिच पर स्पिनरों को मदद मिल रही थी, वहां कुलदीप का असरहीन रहना दिल्ली के लिए भारी पड़ा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब कुलदीप की फॉर्म पर सवाल पूछा गया तो कोच हेमंग बदानी ने साफ कहा कि टीम उनसे ज्यादा उम्मीद करती है। उन्होंने कहा, ‘हम निश्चित तौर पर चाहते हैं कि कुलदीप इससे बेहतर प्रदर्शन करें, लेकिन हम उनके साथ खड़े रहेंगे क्योंकि वह कई वर्षों से इस टीम का हिस्सा रहे हैं। मुझे लगता है कि बात सिर्फ फॉर्म में लौटने की है। वह अभी अपने सर्वश्रेष्ठ स्तर पर नहीं पहुंचे हैं और सामान्य गति से भी गेंदबाजी नहीं कर रहे हैं। यह समय की बात है और हमें उन पर भरोसा है।’ बदानी के बयान से साफ था कि टीम मैनेजमेंट कुलदीप के प्रदर्शन से खुश नहीं है, लेकिन अभी भी उन पर विश्वास बनाए हुए है।



