राहुल बोले- ग्रेट निकोबार द्वीप परियोजना एक दुस्साहस; किसानों के दर्द का मजाक उड़ाने पर BJP हमलावर

कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी का एक लेख साझा किया। इस लेख के जरिए उन्होंने ग्रेट निकोबार आइलैंड प्रोजेक्ट को लेकर गंभीर चिंताएं जताईं और इसे स्थानीय आदिवासियों व पर्यावरण के लिए खतरा बताया। राहुल गांधी ने लिखा, ‘ग्रेट निकोबार आइलैंड प्रोजेक्ट एक गलत कदम है, जो आदिवासी अधिकारों को कुचलता है और कानूनी प्रक्रियाओं की अनदेखी करता है।’
सोनिया गांधी ने मामले पर लिखा लेख
सोनिया गांधी ने एक समाचार पत्र में लिखे अपने संपादकीय में कहा कि यह प्रोजेक्ट दुनिया के सबसे संवेदनशील और अनोखे पारिस्थितिकी तंत्र को खतरे में डाल देगा और यहां की आदिवासी जनजातियों के अस्तित्व के लिए गंभीर चुनौती बनेगा। उन्होंने 72,000 करोड़ रुपये की इस परियोजना को पूरी तरह गलत खर्च बताते हुए कहा कि 2004 की सुनामी के समय जिन निकोबारी आदिवासियों को अस्थायी रूप से गांव छोड़ने पड़े थे, अब यह प्रोजेक्ट उन्हें हमेशा के लिए विस्थापित कर देगा। सोनिया गांधी ने विशेष रूप से शोमपेन जनजाति का जिक्र करते हुए कहा कि यह प्रोजेक्ट उनके लिए और भी खतरनाक है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने बड़े पैमाने पर विकास के लिए बनाए गए कानूनों और जनजातीय अधिकारों की रक्षा करने वाली संवैधानिक संस्थाओं की अनदेखी की है।
भाजपा का कांग्रेस पर किसानों का अपमान करने का आरोप
दूसरी ओर, भाजपा नेता अमित मालवीय ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर किसानों का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए लिखा, ‘अगली बार जब राहुल गांधी या कांग्रेस किसानों की बात करें, तो उन्हें यह वीडियो जरूर याद दिलाएं। उनके अपने अध्यक्ष ने किसानों के दर्द का मजाक उड़ाते हुए कहते हैं कि हमेशा रोते और पब्लिसिटी मत लो।’ अमित मालवीय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों की आय दोगुनी करने और आधुनिक खेती तकनीकों को अपनाने में मदद की, जबकि कांग्रेस ने सिर्फ किसानों को निराश किया। इस मामले में भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा, ‘एक गरीब किसान, जिसकी फसल बाढ़ और बारिश में बर्बाद हो गई थी, अपना दर्द साझा करने गया था। लेकिन कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, ‘आप यहां क्यों आए हैं? आप दिखावा क्यों कर रहे हैं?… आपकी चार एकड़ जमीन बर्बाद हो गई है, लेकिन मेरी 40 एकड़ जमीन बर्बाद हो गई है… यह कैसा अहंकार है? किसान अपना दर्द लेकर आपके पास आया क्योंकि कर्नाटक में कांग्रेस सत्ता में है… बेहतर होता कि राहुल गांधी कर्नाटक, पंजाब जाते… मैं राहुल गांधी को धीरे से याद दिलाना चाहता हूं कि सार्वजनिक जीवन में कोई ब्रेक नहीं होता।’
‘कांग्रेस किसानों, सैनिकों और संविधान का अपमान करती है’
वहीं भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने भी खरगे पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस किसानों, सैनिकों और संविधान का अपमान करती है। उन्होंने दावा किया कि जब एक किसान ने खरगे के सामने अपना दुख जताया, तो खरगे ने उसे भगा दिया। इसके अलावा, पूनावाला ने कांग्रेस सांसद तारीक अनवर पर भी निशाना साधा। उन्होंने एक वीडियो साझा किया जिसमें बाढ़ प्रभावित इलाके में दौरे के दौरान ग्रामीणों ने अनवर को अपने कंधों पर उठाकर चलाया। शहजाद पूनावाला ने इसे कांग्रेस नेताओं का ‘वीवीआईपी रवैया’ बताया और कहा कि जब लोग बाढ़ की मार झेल रहे हैं, तब कांग्रेस नेता सिर्फ दिखावा कर रहे हैं। उन्होंने पोस्ट में लिखा, ‘कांग्रेस का वीवीआईपी रवैया बाढ़ प्रभावित इलाकों तक में दिखाई देता है। खड़गे किसानों का अपमान करते हैं, कांग्रेस सांसद बाढ़ राहत का मजाक उड़ाते हैं, राहुल गांधी छुट्टियों में व्यस्त हैं, जबकि पीएम मोदी लगातार काम कर रहे हैं।’ कुल मिलाकर जहां कांग्रेस ग्रेट निकोबार प्रोजेक्ट को पर्यावरण और आदिवासियों के लिए खतरा बता रही है, वहीं भाजपा किसानों के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए प्रधानमंत्री मोदी की योजनाओं की सराहना कर रही है। दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का यह दौर लगातार तेज होता जा रहा है।



