Latest newsSports

एक विकेट लेते ही बड़ी उपलब्धि हासिल कर लेंगे अक्षर पटेल, ऐसा करने वाले होंगे पहले भारतीय स्पिनर

भारतीय टीम के ऑलराउंडर अक्षर पटेल इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में बड़ी उपलब्धि अपने नाम दर्ज कर सकते हैं। अक्षर को अगर शनिवार को होने वाले मुकाबले के लिए प्लेइंग-11 में जगह मिलती है और अगर वह एक विकेट लेने में सफल रहे तो अक्षर टी20 अंतरराष्ट्रीय में 100 विकेट पूरे करने वाले पहले भारतीय स्पिनर बन जाएंगे। इस प्रारूप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले स्पिनरों के मामले में अक्षर फिलहाल सभी से आगे हैं।  
100 विकेट पूरे करने वाले बन जाएंगे चौथे भारतीय 
भारत और इंग्लैंड के बीच शनिवार को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में दूसरा टी20 मैच खेला जाना है। इस मुकाबले में स्पिन ऑलराउंडर अक्षर पटेल का भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन में चुना जाना तय माना जा रहा है। इस मैच में अक्षर के पास इतिहास रचने और रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज कराने का एक सुनहरा मौका होगा। 17 जुलाई 2015 को जिम्बाब्वे के खिलाफ हरारे में अपना डेब्यू करने वाले अक्षर पटेल अब तक भारत के लिए 97 टी20 मैच खेल चुके हैं और उनके नाम फिलहाल 99 विकेट दर्ज हैं। भारत के लिए अब तक केवल तीन ही गेंदबाज 100 या उससे अधिक टी20 विकेट ले पाए हैं और ये तीनों ही तेज गेंदबाज हैं। अर्शदीप सिंह 87 मैचों में 131 विकेट लेकर शीर्ष पर हैं, जबकि जसप्रीत बुमराह के नाम 95 मैचों में 121 विकेट और हार्दिक पांड्या के नाम 138 मैचों में 114 विकेट हैं। अक्षर पटेल एक विकेट लेते ही इस खास क्लब में शामिल होने वाले चौथे भारतीय और पहले भारतीय स्पिनर बन जाएंगे।
पिछले मैच में गेंदबाजी का नहीं मिला था मौका
आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी करने वाले अक्षर पटेल एक जुलाई को चेस्टर-ले-स्ट्रीट के रिवरसाइड ग्राउंड पर इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच में भी टीम का हिस्सा थे। हालांकि, दूसरी पारी में बारिश के कारण खेल न हो पाने की वजह से उन्हें गेंदबाजी करने का मौका नहीं मिल सका था। इससे पहले, जून 2026 में आयरलैंड के खिलाफ बेलफास्ट में खेली गई दो मैचों की टी20 सीरीज में उन्होंने पहले मैच में दो विकेट चटकाए थे, जबकि दूसरे मैच में वे कोई विकेट नहीं ले पाए थे।

Related Articles

Back to top button