Latest news

तहव्वुर राणा के प्रत्यर्पण पर CM फडणवीस ने जताई खुशी, कहा- मुंबई हमले की जांच करेंगे NIA का सहयोग

26/11 मुंबई हमले के साजिशकर्ता तहव्वुर राणा के प्रत्यर्पण पर महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि तहव्वुर राणा के प्रत्यर्पण पर मैं मुंबईकरों की ओर से पीएम मोदी को धन्यवाद देता हूं। एनआईए मामले की जांच कर रही है। हम जांच में एनआईए की पूरी मदद करेंगे। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि मुझे बहुत खुशी है कि 26/11 मुंबई हमलों के आरोपी और साजिशकर्ताओं में से एक तहव्वुर राणा को भारत लाया गया है। मैं मुंबईकरों की ओर से प्रधानमंत्री को धन्यवाद देता हूं कि साजिशकर्ता को भारतीय न्यायिक प्रणाली का सामना करने के लिए भारत लाया गया। कसाब को कानून के अनुसार फांसी दी गई, लेकिन साजिशकर्ता हमारी हिरासत में नहीं था। यह हमारे लिए एक बोझ था। उन्होंने कहा कि अब साजिशकर्ता एनआईए के पास है। वे मामले की जांच कर रहे हैं। अब एनआईए जांच और कानूनी प्रक्रियाओं के बारे में निर्णय लेगी। हमें जो भी जानकारी चाहिए, हम एनआईए से लेंगे। अगर उन्हें किसी सहायता की आवश्यकता होगी तो हम मुंबई पुलिस के माध्यम से पूरा सहयोग करेंगे। मुंबई हमलों को लेकर 2010 में दिग्विजय सिंह की ओर से की गई टिप्पणी पर सीएम फडणवीस ने कहा कि सबसे पहले मैं उन लोगों को जवाब नहीं देता जो बेवकूफों की तरह बोलते हैं। जब कसाब को फांसी दी गई और उसके बाद जब डेविड हेडली का बयान हमारी न्यायालय में दर्ज किया गया, तो यह पूरी तरह से स्पष्ट हो गया कि यह पूरी साजिश पाकिस्तान में रची गई थी। इसलिए जो लोग अन्य साजिश सिद्धांतों का प्रचार करते हैं, मैं उन्हें जवाब नहीं देना चाहता। अब मुख्य साजिशकर्ता हमारी हिरासत में है और अब और भी चीजें सामने आएंगी।
मुंबई में नई एसी ट्रेनों को मंजूरी
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि मुंबई के लोकल नेटवर्क के लिए 238 नई एसी ट्रेनों को मंजूरी दी जाएगी। वहीं सीएम फडणवीस ने कहा कि मुंबई क्षेत्र में सभी सार्वजनिक परिवहन के लिए मुंबई-1 सिंगल कार्ड प्रणाली जल्द ही शुरू की जाएगी।

Related Articles

Back to top button