रणदीप हुड्डा ने क्यों किया आमिर खान की हिट फिल्म करने से इंकार? अभिनेता ने साझा की वजह

फिल्म ‘जाट’ में सनी देओल ने मुख्य भूमिका निभाई है, उनके सामने विलेन के रोल में रणदीप हुड्डा नजर आए। फिल्म में रणदीप के किरदार को काफी सराहा जा रहा है। हाल ही में इस फिल्म के प्रमोशन के लिए रणदीप हुड्डा ने कई इंटरव्यू दिए, जिसमें करियर को लेकर भी बातचीत की। इसी दौरान रणदीप ने बताया कि उन्होंने एक अजीब कारण से आमिर खान की फिल्म को करने से इंकार किया।
आमिर की इस फिल्म में नहीं किया काम
शुभंकर मिश्रा के पॉडकास्ट में की गई बातचीत में रणदीप हुड्डा कहते हैं, ‘राकेश ओमप्रकाश मेहरा फिल्म ‘रंग दे बसंती’ बना रहे थे। मैंने भी ऑडिशन दिया। मुझे फिल्म में भगत सिंह वाले किरदार के लिए साइन किया जाना था। बाद में यह रोल साउथ एक्टर सिद्धार्थ को मिला। राकेश मुझसे कहते रहे कि फिल्म कर लो। उसी दौरान रामगोपाल वर्मा ने मुझसे कहा क्या तुम पोस्टर में आमिर खान के पीछे खड़े होना चाहते हैं, जबकि मैं तुम्हें लेकर फिल्म ‘डी’ बनाने की सोच रहा हूं। ऐसे में मेरी जाट अकड़ निकल आई। मैंने फिल्म ‘रंग दे बसंती’ नहीं की। इसी कारण से मैंने फिल्म ‘रॉक ऑन’ भी नहीं की। आगे रणदीप हुड्डा कहते हैं, ‘अगर मैंने रंग दे बसंती की होती तो मैं आज एक अलग लीग का हिस्सा हाेता।’ रणदीप को इस फिल्म को ना करने का काफी अफसोस है। वैसे रणदीप ने आगे चलकर ‘सरबजीत’ और ‘स्वतंत्र वीर सावरकर’ में लीक से हटकर किरदार निभाए, जिसमें उन्हें सराहा गया। हाल में फिल्म ‘जाट’ में नजर आए रणदीप हुड्डा एक और फिल्म इस साल कर रहे हैं। वह एक हिंदी फिल्म ‘मैचबॉक्स’ में नजर आ सकते हैं। इन दिनों इस फिल्म की शूटिंग भी हो रही है।



