हंगरी के भावी प्रधानमंत्री के बयान से हलचल, जानिए किस वारंट के तहत कार्रवाई की आशंका

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और ईरान के साथ जारी टकराव के बीच अंतरराष्ट्रीय राजनीति में एक नया मोड़ सामने आया है। हंगरी के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री पीटर मैग्यार के बयान ने वैश्विक स्तर पर हलचल बढ़ा दी है। उन्होंने साफ कहा है कि अगर इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू हंगरी आते हैं, तो उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है। यह बयान ऐसे समय आया है जब क्षेत्रीय तनाव पहले से ही चरम पर है। स्काई न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, मैग्यार ने स्पष्ट किया कि हंगरी की सीमा में प्रवेश करने वाले किसी भी ऐसे व्यक्ति को हिरासत में लिया जाएगा, जिसके खिलाफ इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट (आईसीसी) का गिरफ्तारी वारंट जारी है। उन्होंने यह भी दोहराया कि हंगरी अंतरराष्ट्रीय कानूनों का सम्मान करेगा और आईसीसी की सदस्यता बनाए रखेगा। इसके साथ ही उन्होंने पिछली सरकार के उस फैसले को भी पलटने की बात कही, जिसमें आईसीसी से बाहर निकलने की योजना बनाई गई थी।



