Latest newsSports

‘ 99 रन की हार शर्मनाक, हमारे मिडिल ऑर्डर की पोल खुल गई’, अपने ही खिलाड़ियों पर बरसे GT के कोच हेडन

गुजरात टाइटंस को मुंबई इंडियंस के खिलाफ 99 रन की करारी हार झेलनी पड़ी, जिसके बाद टीम के बल्लेबाजी कोच मैथ्यू हेडन ने खुलकर नाराजगी जताई। हेडन ने साफ कहा, ‘मैं उम्मीद करता हूं कि हमारी हार का अंतर इतना बड़ा नहीं होगा। 100 (99) रन का अंतर हमारी बल्लेबाजी के लिए बिल्कुल अस्वीकार्य है।’ हेडन ने मैच को लेकर निराशा जाहिर करते हुए कहा कि टीम के लिए यह दिन पूरी तरह निराशाजनक रहा। उन्होंने कहा, ‘यह दिन हमारे लिए बहुत खराब रहा। सच कहूं तो रबाडा के प्रदर्शन को छोड़कर कुछ भी अच्छा नहीं था। हमें काफी काम करने की जरूरत है।’

मजबूत बल्लेबाजी, लेकिन प्रदर्शन फेल
गुजरात के पास शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर जैसे स्टार बल्लेबाज हैं, लेकिन इस मैच में पूरी बल्लेबाजी लाइनअप फ्लॉप रही। हेडन ने कहा, ‘हमारी टीम में शानदार बल्लेबाज हैं, लेकिन उन्हें बेहतर मानसिकता और बेहतर स्थिति में आकर मौके का फायदा उठाना होगा। हम 100 रन की हार से खुश नहीं हो सकते।’  हेडन के अनुसार मैच का रुख पावरप्ले में ही तय हो गया था। उन्होंने कहा, ‘पावरप्ले में आप मैच जीत नहीं सकते, लेकिन हार जरूर सकते हैं, और हमने वहीं मैच गंवा दिया।’ शाहरुख खान और राहुल तेवतिया जैसे खिलाड़ियों पर इस मैच में ज्यादा दबाव आ गया, क्योंकि टॉप ऑर्डर जल्दी आउट हो गया। हेडन ने कहा, ‘हमारे मिडिल ऑर्डर के खिलाड़ी इतने ज्यादा गेंद खेलने के लिए नहीं बने हैं। यह उनकी भूमिका नहीं है, लेकिन टॉप ऑर्डर की विफलता ने उन्हें मुश्किल में डाल दिया।’ हेडन ने गेंदबाजी पर भी सवाल उठाए, खासकर आखिरी चार ओवरों में 73 रन देने को लेकर। उन्होंने कहा, ‘आखिरी चार ओवरों में 73 रन देना एक ‘हॉरर स्टोरी’ था। यह विश्वस्तरीय गेंदबाजी के हिसाब से बिल्कुल सही नहीं है। यह सिर्फ खराब निष्पादन का मामला था।’ हेडन ने माना कि पिच पूरी तरह 200 रन वाली नहीं थी। उन्होंने कहा, ‘मुझे लगा यह 175 रन वाली पिच थी, लेकिन हमने गेंदबाजी में औसत प्रदर्शन किया। पिच में दरारें थीं और उछाल भी असमान था।’हेडन ने तिलक वर्मा की शानदार पारी की सराहना भी की। उन्होंने कहा, ‘तिलक वर्मा ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने खेल को अच्छे से पढ़ा और दमदार तरीके से रन बनाए।’
रन चेज में खराब शॉट चयन
हेडन ने कहा कि लक्ष्य मुश्किल जरूर था, लेकिन नामुमकिन नहीं। उन्होंने कहा, ‘200 रन का लक्ष्य हासिल किया जा सकता था, लेकिन हमने गलत शॉट चुने और बड़ी बाउंड्री की तरफ विकेट गंवाए।’

Related Articles

Back to top button