India newsLatest news

‘अगर पीओके सौंपने से इनकार करे पाकिस्तान तो तुरंत जंग का एलान कर दे भारत’, अठावले की दो टूक

केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने दो टूक शब्दों में कहा है कि अगर पाकिस्तान पीओके सौंपने में आनाकानी करे तो भारत को उसके खिलाफ जंग का एलान कर देना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘अगर पाकिस्तान पीओके को सौंपने से इनकार करता है तो भारत को उसके खिलाफ युद्ध की घोषणा कर देनी चाहिए, क्योंकि जब तक यह क्षेत्र मौजूद है, तब तक आतंकवादी गतिविधियां जारी रहेंगी।’ केंद्रीय सामाजिक न्याय राज्य मंत्री ने रविवार को मुंबई के पास लोनावला में संवाददाताओं से बात करते हुए पहलगाम आतंकवादी हमले की निंदा की, जिसमें 22 अप्रैल को 26 लोगों की जान चली गई थी।

‘एक और सर्जिकल स्ट्राइक का आह्वान’
केंद्रीय मंत्री अठावले ने पड़ोसी देश के खिलाफ एक और सर्जिकल स्ट्राइक का आह्वान करते हुए कहा, ‘जब तक पीओके मौजूद है, आतंकवादी गतिविधियां जारी रहेंगी। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अनुरोध करता हूं कि अगर पाकिस्तान पीओके को नहीं सौंपता है, तो हमें उसके खिलाफ युद्ध की घोषणा करनी चाहिए।’ उन्होंने कहा कि पहलगाम हमला बेहद निंदनीय है। मंत्री ने कहा, ‘आतंकवादी बार-बार एक ही रास्ते से भारत में घुसते हैं। इसलिए भारत को पीओके क्षेत्र पर नियंत्रण करने की जरूरत है।’ उन्होंने चेतावनी दी कि पाकिस्तान को यह इलाका खाली करना चाहिए, नहीं तो भारत युद्ध छेड़ने से नहीं हिचकिचाएगा। केंद्र इस मामले को लेकर गंभीर है।

विपक्ष से सरकार का समर्थन करने का आग्रह किया
अठावले ने विपक्ष से इस मुद्दे पर सरकार का समर्थन करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, ‘विपक्ष को हमारे साथ खड़ा होना चाहिए। डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर ने हमें यही सिखाया है कि जब जरूरत हो तो देश के साथ खड़े रहें।’ मंत्री ने कहा कि अनुच्छेद 370 के निरस्त होने के बाद बड़ी संख्या में पर्यटक कश्मीर जाने लगे। जम्मू-कश्मीर चुनाव में मतदाताओं का प्रतिशत लगभग 60 प्रतिशत रहा। आतंकवादी और पाकिस्तान इन घटनाक्रमों से खुश नहीं हैं। उन्होंने कहा कि भारत मजबूत हो रहा है और जम्मू-कश्मीर के लोग देश के साथ हैं।

Related Articles

Back to top button